Homeमध्यप्रदेशराजगढ़ राजमहल में 280 साल पुराना मां महालक्ष्मी का मंदिर:हाथी पर विराजमान...

राजगढ़ राजमहल में 280 साल पुराना मां महालक्ष्मी का मंदिर:हाथी पर विराजमान गजलक्ष्मी की प्रतिमा, आठ पीढ़ियों से एक परिवार कर रहा पूजा

दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा के लिए घरों और मंदिरों में विशेष तैयारियां होती हैं। राजगढ़ के राजमहल में मां महालक्ष्मी का एक ऐसा मंदिर है, जहां करीब 280 साल पुरानी सफेद संगमरमर की प्रतिमा स्थापित है। प्रतिमा में मां महालक्ष्मी हाथी के साथ विराजमान हैं, जबकि पास में भगवान गणेशजी बैठे हैं। माता के इस स्वरूप को गजलक्ष्मी के रूप में पूजा जाता है। मंदिर का निर्माण वर्ष 1745 में तत्कालीन राजा ने करवाया था। इससे जुड़ी एक मान्यता आज भी लोगों के बीच चर्चा में रहती है। कहा जाता है कि एक अज्ञात व्यक्ति राजा को माता की प्रतिमा सौंपकर अचानक गायब हो गया था। तब से राजमहल में माता का दरबार सजा है। खास बात यह है कि आठ पीढ़ियों से एक ही परिवार यहां पूजा कर रहा है।
धन-धान्य की कमी न रहे, इसलिए बनवाया मंदिर
राजमहल परिसर में बने इस मंदिर का निर्माण वर्ष 1745 में तत्कालीन राजा ने करवाया था। बताया जाता है कि राजा की इच्छा थी कि उनके राज्य में कभी धन-धान्य की कमी न हो और प्रजा पर मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहे। इसी उद्देश्य से उन्होंने राजमहल के भीतर माता का मंदिर बनवाया। मंदिर तैयार होने के बाद प्रतिमा स्थापना की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान एक दिन अचानक एक अज्ञात व्यक्ति राजा के सामने पहुंचा। उसके पास मां महालक्ष्मी की प्रतिमा थी। उसने राजा को प्रतिमा सौंपते हुए मंदिर में स्थापित करने के लिए कहा। इसके बाद वह व्यक्ति अचानक वहां से गायब हो गया। प्रतिमा लेकर आए उस व्यक्ति की पहचान आज तक सामने नहीं आई। राजा ने पुरोहितों के सानिध्य में विशेष अनुष्ठान करवाकर माता की प्रतिमा स्थापित कराई। संगमरमर की प्रतिमा, हाथी पर विराजमान हैं मां
मंदिर में स्थापित मां महालक्ष्मी की सफेद संगमरमर की प्रतिमा अपने अनूठे स्वरूप के कारण खास है। माता हाथी पर विराजमान हैं। उनके सिर पर मुकुट, माथे पर तिलक और गले में मोतियों की लंबी मालाएं हैं। माता की चार भुजाओं में कमल पुष्प सुशोभित हैं। उनके पास ही भगवान गणेशजी बैठे हुए हैं। हाथी पर विराजमान माता और पास में बैठे गणेशजी का यह स्वरूप मंदिर को विशिष्ट पहचान देता है। माता को गजलक्ष्मी स्वरूप में पूजा जाता है। लाल और सुनहरे वस्त्रों में उनका विशेष श्रृंगार किया जाता है। मंदिर के भीतर लगे भव्य झूमर और सजावट में राजपरिवार के पुराने वैभव की झलक दिखाई देती है। बताया जाता है कि मंदिर के निर्माण के समय इसकी साज-सज्जा के लिए देश-विदेश से झूमर और अन्य सामान मंगवाया गया था।
आठ पीढ़ियों से परिवार संभाल जिम्मेदारी
इस मंदिर की खासियत केवल इसका इतिहास और प्रतिमा नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही पूजा की परंपरा भी है। मंदिर के पुजारी मनीष तिवारी बताते हैं कि माता की स्थापना के समय से ही उनका परिवार मंदिर की सेवा करता आ रहा है। परिवार की आठ पीढ़ियां पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। वे स्वयं भी 22 साल से अधिक समय से माता की पूजा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों से सुनते आए हैं कि राजपरिवार ने राजमहल और किले के निर्माण के साथ परिसर में दो मंदिर बनवाए थे। माता की प्रतिमा लेकर आने वाला व्यक्ति कौन था और प्रतिमा कहां से आई, इसकी जानकारी आज भी किसी को नहीं है।
दीपावली पर होता है विशेष श्रृंगार
दीपावली पर राजमहल के भीतर स्थित मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाता है। माता का आकर्षक श्रृंगार होता है और रोशनी से पूरा दरबार जगमगा उठता है। राजगढ़ शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। करीब 280 साल पुराने इस मंदिर में आज भी वही प्रतिमा विराजमान है, जिसके राजमहल तक पहुंचने की कहानी रहस्य बनी हुई है। इतिहास, अनूठी प्रतिमा और आठ पीढ़ियों से चली आ रही पूजा की परंपरा इस मंदिर को राजगढ़ की खास विरासत बनाती है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here