रतलाम की कॉमर्स कॉलोनी के मोहन नगर में घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे 80 वर्षीय अनवर हुसैन पर भैंस ने हमला कर दिया। भैंस ने उन्हें सींग से उछालकर दूर फेंक दिया। हादसे में उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। अलग-अलग घावों पर 20 टांके लगाए गए हैं। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना गुरुवार सुबह की है, जिसकी जानकारी देर रात सामने आई। बुजुर्ग के बेटे और पोल्ट्री फार्म व्यवसायी मोहम्मद अली कुरैशी ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। भैंसों को खुला छोड़ने की शिकायत की थी मोहम्मद अली कुरैशी के मुताबिक, उनकी कॉलोनी में कमल घोसी का भैंसों का तबेला है। आरोप है कि वह रोजाना अपनी भैंसों को मोहल्ले की गलियों में खुला छोड़ देता है। कुरैशी और मोहल्ले के लोगों ने कई बार उससे भैंसों को बांधकर रखने के लिए कहा था, ताकि बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित रह सकें। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कमल घोसी लोगों की बात नहीं मानता और शिकायत करने पर झगड़े पर उतारू हो जाता है। अखबार पढ़ते समय भैंस ने किया हमला कुरैशी ने बताया कि गुरुवार सुबह वह घर में थे। उनके पिता अनवर हुसैन घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इसी दौरान कमल के तबेले की भैंसें गली में आ गईं। इनमें से एक भैंस ने दौड़कर उनके पिता को सींग से उछाल दिया। शोर सुनकर उनकी मां छोटी बी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मां ने अनवर हुसैन को उठाया और भैंस को वहां से भगाया। शरीर पर कई जगह गहरे घाव मोहम्मद अली के मुताबिक, भैंस के हमले में उनके पिता के दोनों हाथ-पैर, कमर और सीने समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। कई जगह चमड़ी फटने से मांस दिखने लगा। घावों पर कुल 20 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
