रतलाम के इंद्रानगर निवासी एक परिवार की कार का शुक्रवार सुबह एक्सीडेंट हो गया। घटना में पति-पत्नी और 22 साल के बेटे की मौत हो गई। हादसा हरियाणा के रोहतक जिले के घिलौड़ गांव में हुआ है। तीनों के शव रोहतक के अस्पताल के पीएम रूम में रखे गए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रतलाम से परिजन रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं। तीनों कार से पंजाब में अपने पैतृक गांव जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, थाना औद्योगिक क्षेत्र के इंद्रानगर निवासी करमजीत गुरुवार शाम अपनी कार से पत्नी और बड़े बेटे के साथ पंजाब के लिए निकले थे। कार करमजीत खुद चला रहे थे। शुक्रवार सुबह उनकी कार हरियाणा के रोहतक जिले के घिलौड़ गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों की जान चली गई। परिवार का छोटा बेटा रतलाम में ही दादा-दादी के पास था। बताया जा रहा है कि करमजीत के माता-पिता को अभी हादसे की जानकारी नहीं दी गई है। परिवार अपने पैतृक गांव जा रहा था। हादसे की सूचना मिलने पर रतलाम से अन्य परिजन रोहतक के लिए रवाना हुए हैं।
