सिंगरौली के जयंत चौकी क्षेत्र में मंगलवार देर रात विवाद के बाद भूपेंद्र सिंह की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह परिजन और स्थानीय लोगों ने शव चौकी के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन का आरोप है कि पुलिस BJP मंडल अध्यक्ष के भतीजे को बचा रही है। करीब 12 घंटे चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इस दौरान करीब 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मृतक भूपेंद्र सिंह सेक्टर-बी जयंत के निवासी थे। प्रदर्शनकारी हत्या के आरोपियों का एनकाउंटर करने, उनके घरों पर बुलडोजर चलाने और जयंत चौकी प्रभारी को हटाने की मांग कर रहे थे। सुबह 7 बजे से जाम, सड़क पर रुके वाहन परिजनों ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे जयंत चौकी के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दी थी। रात करीब 11 बजे तक भी प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान मौके पर करीब 1,000 लोग मौजूद थे। करीब 1,000 परिवहन वाहन भी रुके होने की जानकारी सामने आई। प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा। तस्वीरे देखिए…
जिला बदर आरोपी के इलाके में रहने पर सवाल परिजनों का आरोप है कि हत्या में शामिल एक आरोपी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई चल रही थी, इसके बावजूद वह जयंत इलाके में रह रहा था। मृतक के रिश्तेदार दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सीसीएल की जमीन पर अवैध रूप से घर बना रखे हैं। उन्होंने इन घरों को गिराने और जयंत चौकी प्रभारी को हटाने की मांग की। ओवरटेक को लेकर हुआ था विवाद प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूपेंद्र देर रात बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान जयंत चौकी क्षेत्र में गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ। कोयला वाहनों की पार्किंग से जुड़ी कथित वसूली को लेकर भी विवाद की बात सामने आई है। इसी दौरान उन पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। दो लोगों से पूछताछ, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई इस मामले में बनौली निवासी सागर वर्मा पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह भाजपा जयंत मंडल अध्यक्ष का भतीजा है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार ने बताया कि दो लोगों को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया गया है। एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या की वजह और अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।
