Homeदेशमोदी बोले- न्यूज की तरह जिंदगी में भी डेडलाइन जरूरी:दिवाली मिलन समारोह...

मोदी बोले- न्यूज की तरह जिंदगी में भी डेडलाइन जरूरी:दिवाली मिलन समारोह में कहा- CM बना तो मुझसे पहले मीडिया को पता था

पीएम नरेंद्र मोदी गुरुवार को दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि न्यूजरूम में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता। भूकंप हो या बाढ़, जब लोग जान बचाकर भाग रहे होते हैं, तब रिपोर्टर अपनी जान जोखिम में डालकर और परिवार की चिंता छोड़कर खबर की कवरेज करते हैं। न्यूज की दुनिया में डेडलाइन सबसे जरूरी होती है। उसी तरह जिंदगी में भी डेडलाइन जरूरी होती है। मोदी ने कहा- मैं यहां 11 अशोका रोड पर रहता था। एक दिन पत्रकार अचानक मेरे कमरे में आ गए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में मेरा गला पकड़ लिया और कहा कि मिठाई खिलाओ। मैंने पूछा कि किस बात की मिठाई खिलाऊं, तो उन्होंने कहा कि आप गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। मुझे खुद इस बात की जानकारी नहीं थी, लेकिन पत्रकारों को पहले ही पता चल गया था।
पीएम ने कहा कि इन 25 सालों में काफी कुछ बदल गया है। देश, दुनिया, राजनीति और मीडिया का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। कुछ काम आसान हुए हैं, तो कुछ मुश्किल भी हुए हैं। पहले ओबी वैन के जरिए खबरों की कवरेज होती थी, लेकिन अब मोबाइल ही ओबी वैन बन गया है। पहले कहा जाता था कि गली-गली में क्रिकेट के विशेषज्ञ मिल जाते हैं, जो बताते थे कि सचिन ने कहां गलती की। अब हालात ऐसे हैं कि गली-गली में राजनीति के विशेषज्ञ मिल जाते हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय हर कोई अपने परिवार और अपनों के साथ समय बिताने की कोशिश करता है। आपका काम ऐसा है, जिसमें ब्रेकिंग न्यूज की भागदौड़ लगातार लगी रहती है। इसके बावजूद आप इस नॉन-ब्रेकिंग न्यूज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए, इसके लिए मैं आपका आभारी हूं। पीएम ने कहा कि पुराने लोग जानते हैं कि मेरा आप सभी के साथ लंबे समय से संबंध रहा है। प्रेस रिलीज से लेकर इंस्टाग्राम रील तक मैंने मीडिया संवाद के बदलते दौर को करीब से देखा है। 90 के दशक की शुरुआत में मुझे दो लंबी यात्राओं की व्यवस्था की जिम्मेदारी मिली थी। वह ऐसा समय था, जब प्रेस रिलीज भेजने के लिए फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी। दिल्ली आने के बाद भी मेरे पास यही जिम्मेदारी थी। उस समय भी दिवाली मिलन कार्यक्रम आयोजित होते थे और मेरा काम कुर्सियां लगवाने से लेकर पत्रकारों के स्वागत तक का होता था। मोदी ने कहा कि उस दौर में कैमरे कम हुआ करते थे, लेकिन सभी से मेरी अच्छी जान-पहचान थी और माहौल काफी उत्साहपूर्ण रहता था। उस समय के अनुभवों से मैंने बहुत कुछ सीखा, जो आज भी मेरे काम आते हैं। पीएम ने कहा कि जब कोई रिपोर्टर से एडिटर बनता है, तो उसकी भूमिका बदल जाती है। इसी तरह सरकार में आने के बाद मेरी जिम्मेदारियां भी बदली हैं। पिछले महीने हेड ऑफ द गवर्नमेंट के तौर पर मेरे 25 साल पूरे हुए हैं। न्यूजरूम में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता। चाहे भूकंप हो या बाढ़ की तबाही, जब लोग अपनी जान बचाकर वहां से भाग रहे होते हैं, तब रिपोर्टर अपने जीवन को जोखिम में डालकर, परिवार की चिंता छोड़कर घटनास्थल पर कवरेज के लिए पहुंचते हैं। ऐसा जज्बा बहुत कम देखने को मिलता है। यही वजह है कि मैं हमेशा से पत्रकारों का प्रशंसक रहा हूं। न्यूज की दुनिया में सबसे जरूरी चीज डेडलाइन होती है। आपकी पूरी जिंदगी डेडलाइन के इर्द-गिर्द घूमती है। अगर डेडलाइन न हो, तो डेस्क से लेकर फील्ड तक हर किसी का यही रवैया होता है कि काम बाद में कर लेंगे। इसलिए डेडलाइन बहुत जरूरी है। यह नियम किसी व्यक्ति, संस्था ही नहीं, बल्कि पूरे देश पर भी लागू होता है। आज हमारा देश भी एक डेडलाइन के साथ काम कर रहा है। यह डेडलाइन है 2047, यानी आजादी के 100 साल पूरे होने से पहले भारत को विकसित राष्ट्र बनाना। आप जानते हैं कि जब कोई डेडलाइन तय होती है, तो प्राथमिकताएं स्पष्ट होती हैं और काम करने की रफ्तार बढ़ जाती है। आज भारत जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, उसे देखते हुए विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना असंभव नहीं है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here