मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। प्रचार खत्म, अब जीत-हार के दावे
दतिया उपचुनाव में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के आंसुओं के साथ शुरू हुआ प्रचार अभियान आखिरकार थम गया। प्रचार के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने गली-गली और घर-घर जाकर जनता से वोट की अपील की। प्रचार थमने के बाद प्रत्याशियों ने डोर-टू-डोर संपर्क शुरू कर दिया। इसके साथ ही दोनों दलों के नेताओं की ओर से जीत-हार के दावे भी शुरू हो गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कांग्रेस की जीत का दावा किया। उन्होंने यहां तक कहा कि कांग्रेस 25 हजार वोटों से जीतेगी। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दावा किया कि जीतू पटवारी को इस चुनाव में कांग्रेस की हार साफ दिखाई दे रही है। इसी वजह से वे बौखलाए हुए हैं और भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं। खंडेलवाल ने भारी मतों से भाजपा की जीत का दावा किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कहा कि जीत भाजपा की ही होगी। कुल मिलाकर नेताओं ने अपना काम कर दिया। विकास की कसमें खाईं, वादे किए। कभी विरोधियों पर गुस्सा हुए तो कभी भावुक भी नजर आए। जनता ने सब देखा और सब सुना। अब बारी जनता की है। 3 अगस्त को ही पता चलेगा कि जनता किसके दावों पर अपनी मुहर लगाती है। साथ नजर आए दिग्विजय-भार्गव
दतिया उपचुनाव में प्रचार के आखिरी दिन एक तस्वीर सियासी सुर्खियों में रही। ब्रेकफास्ट टेबल पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा के सबसे वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव साथ बैठे नजर आए। वहीं, जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह पास ही खड़े दिखाई दिए। यह तस्वीर झांसी के एक होटल की है, जहां दिग्विजय सिंह और गोपाल भार्गव ठहरे हुए थे। इसी दौरान दोनों नेताओं की अचानक मुलाकात हो गई और उन्होंने साथ बैठकर नाश्ता किया। अब इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई, यह तो पता नहीं। लेकिन तस्वीर सामने आते ही सियासी गलियारों में इसके मायने निकाले जाने लगे। लोग अपने-अपने हिसाब से इस मुलाकात के अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। मोदी को गाली, भड़के प्रदीप मिश्रा
नीट पेपर लीक मामले को लेकर हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गालियां दिए जाने पर पंडित प्रदीप मिश्रा भड़क गए। अपनी कथा के दौरान उन्होंने मंच से कहा- जिस व्यक्ति ने सनातन धर्म को मजबूत किया, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी ने राष्ट्र को मजबूत किया और आज तुम उनकी माता और बहन को गोली दोगे, इसे कौन स्वीकार करेगा? पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि ये हमारी संस्कृति नहीं है, ये हमारे संस्कार नहीं हैं और ये हमारी सभ्यता नहीं है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संस्कारों के साथ अपनी लड़ाई लड़ने की नसीहत दी। पंडित मिश्रा ने प्रधानमंत्री मोदी को राजा बताते हुए कहा कि वे ऊंचे सिंहासन पर बैठे हैं और राजा हैं, इसलिए प्रजा को उनका साथ देना चाहिए। अब लोग कह रहे हैं कि प्रजातंत्र में कोई राजा नहीं होता। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई मौकों पर खुद को ‘प्रधान सेवक’ बता चुके हैं। जब कांग्रेस विधायक ने थामा माइक
हरदा में कांग्रेस विधायक डॉ. आरके दोगने और भाजपा से कांग्रेस में आए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने एक कार्यक्रम में गायकी में हाथ आजमाया। दोनों नेताओं ने मिलकर ‘बहारों फूल बरसाओ, मेरा महबूब आया है’ गाना गाया। कोशिश तो अच्छी थी, लेकिन सुर और ताल का थोड़ा तालमेल बिगड़ता नजर आया। अब दोनों नेताओं का यह वीडियो चर्चा में है और लोग इस पर जमकर चुटकियां ले रहे हैं। और अब अंदर की बात.. शराब बांटने की हाईटेक व्यवस्था
चुनावों में मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब बांटना कोई नई बात नहीं है। दतिया उपचुनाव में भी शराब बांटने की चर्चा है। लेकिन इस बार तरीका थोड़ा हाईटेक है। एक क्यूआर कोड दिया जा रहा है। इसे स्कैन कीजिए और शराब हासिल कर लीजिए। यानी न सीधे शराब बांटने का झंझट, न आसानी से पकड़ में आने का डर और न ही बदनामी की चिंता। नेता हैं… वोटरों को लुभाने के लिए नए-नए रास्ते खोज ही लेते हैं। अब शराब बांटने का तरीका भी डिजिटल हो गया है। इनपुट सहयोग – राधावल्लभ मिश्रा (दतिया), महेंद्र ठाकुर (सीहोर), संदेश पारे (हरदा) ये भी पढ़ें –
‘अगला मुख्यमंत्री.. मामा हैं’ नारे लगे, शिवराज ने रोका: विजयवर्गीय मांगें अच्छे दिन, प्रहलाद बोले- हमें मुक्ति चाहिए दतिया उपचुनाव में प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने ‘अगला मुख्यमंत्री, मामा है…’ के नारे लगने लगे। इस पर खुद शिवराज सिंह को नारे लगा रहे लोगों को टोकना पड़ा। उन्होंने कहा- मेरा मन संतोष से भरा है। पूरी खबर पढ़ें
