रीवा मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन और मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. मनोज इंदुलकर पर एक महिला ने छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार शाम महिला अमहिया थाने पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत की। महिला का आरोप है कि डॉक्टर उसे लगातार परेशान करते हैं और भद्दे कमेंट करते हैं। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि डॉ. मनोज इंदुलकर उसके घर के नीचे आते हैं, गिफ्ट देते हैं और अलग-अलग तरीकों से उस पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। महिला का कहना है कि इस तरह की हरकतों से वह मानसिक रूप से परेशान हो चुकी है। स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि उसे आत्महत्या जैसे विचार आने लगे हैं। खबर लिखे जाने तक डॉक्टर मनोज इंदुलकर की ओर से आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। मामले में एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि एक शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
