झाबुआ जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के 8 लेन मार्ग पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 12:20 बजे सड़क हादसा हो गया। गुजरात के राजकोट से आ रहे एक परिवार की तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत 7 लोग घायल हो गए। एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना के बावजूद एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद पुलिस पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अपने पेट्रोलिंग वाहन से सभी घायलों को थांदला सिविल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। कार में आगे बैठे एक व्यक्ति के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए, जबकि एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। परिवार के अन्य सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। अस्पताल में सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। हादसे में ये 7 लोग हुए घायल हादसे में राजकोट निवासी दिवाकर परिवार के साहिब लाल लोबान दिवाकर (50), आशा साहिब लाल दिवाकर (60), राहुल साहिब लाल दिवाकर (30), ओमी राहुल दिवाकर (25), मेहुल साहिब लाल दिवाकर (23), आकांक्षा मेहुल दिवाकर (23) और संस्कार राहुल दिवाकर (6) घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार या ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त कार को टोल बूथ पर खड़ा करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है
