राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शनिवार को स्मार्ट मीटरों को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। वार्ड क्रमांक-5 नाहरदा कॉलोनी की महिलाओं ने अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़कर बीच सड़क पर फेंक दिए। इसके बाद कई मीटरों को तोड़ दिया और उन्हें एक जगह इकट्ठा कर आग लगा दी। महिलाओं ने बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके घरों में अधिक बिजली बिल आने लगे हैं। घटना की सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के जूनियर इंजीनियर (जेई) ने खिलचीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने-अपने घरों से स्मार्ट मीटर निकालकर सड़क पर पहुंचीं। गुस्साई महिलाओं ने मीटरों को सड़क पर पटक-पटककर तोड़ा और बाद में उन्हें एकत्रित कर आग लगा दी। इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। महिलाओं का कहना था कि कंपनी उनकी शिकायतें सुनने के बजाय लगातार अधिक बिजली बिल भेज रहा है। बोले- बिल बढ़ते जा रहे हैं
वार्ड नंबर-5 निवासी शकीला बी ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा, “इस महीने हमारे घर साढ़े 10 हजार रुपए का बिल आया है। इससे पहले 7 हजार रुपए और उससे पहले 3 हजार रुपए का बिल आया था। आखिर हम इतना ज्यादा बिल कैसे जमा करें?” भारतीय विश्वकर्मा ने बताया कि बिजली कंपनी की ओर से लगातार अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारा छोटा-सा घर है, फिर भी कभी 3 हजार, कभी 5 हजार तो कभी 10 हजार रुपए तक का बिल आ रहा है। आखिर हमारे घर में ऐसा क्या चल रहा है कि इतना ज्यादा बिजली बिल दिया जा रहा है?” ‘पुराने मीटर ही लगाए जाएं’
प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने कहा, “हमारी सिर्फ एक ही मांग है कि पहले जो पुराने मीटर लगे हुए थे, उन्हें दोबारा लगा दिया जाए। हमें स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए।” एक अन्य महिला ने कहा, “हम वैसे ही गरीब हैं। हमारी कोई नौकरी नहीं है। मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में स्मार्ट मीटर से आ रहे अधिक बिजली बिल को हम कैसे जमा करें?” उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बिजली कंपनी के जेई ने स्मार्ट मीटर तोड़ने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में खिलचीपुर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
