मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के 20 साल के शासन के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने रविवार को भोपाल में जनआक्रोश रैली निकाली। रैली में प्रदेश की शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी, रोजगार और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। AAP के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश को अब केजरीवाल की गारंटी चाहिए। भाजपा ने प्रदेश को 20 साल पीछे कर दिया है। उन्होंने कहा कि भोपाल की सड़कों से लेकर स्कूल और अस्पताल तक में जनता परेशान है और यह रैली आने वाले बड़े आंदोलन की शुरुआत है। रैली भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से शुरू होकर प्रभात पेट्रोल पंप चौराहे तक निकाली गई। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा व्यापारी, युवा, छात्र, महिलाएं और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदेश में बदलाव की मांग उठाई। तोमर बोले- 20 साल में भाजपा ने सिर्फ घोषणाएं कीं रैली में जितेंद्र सिंह तोमर ने आरोप लगाया कि भाजपा के 20 साल के शासन में मध्य प्रदेश की जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भोपाल की सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। सरकारी स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं और अस्पतालों में डॉक्टर व दवाइयों की कमी है। युवा रोजगार की तलाश में है और व्यापारी परेशान हैं। तोमर ने कहा कि भाजपा सरकार ने लंबे समय में घोषणाएं तो बहुत कीं, लेकिन उनका असर जमीन पर दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि AAP आने वाले दिनों में प्रदेश के हर जिले में भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। दिल्ली मॉडल का उदाहरण देकर MP सरकार को घेरा तोमर ने दिल्ली की पूर्व केजरीवाल सरकार की योजनाओं का उदाहरण देते हुए मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाओं, मोहल्ला क्लीनिक, मुफ्त जांच और दवाइयों, बिजली-पानी की योजनाओं तथा महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने और मोहल्ला स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया गया, जबकि मध्य प्रदेश में सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति खराब है। बिजली के मुद्दे पर उन्होंने दिल्ली की मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए MP में बिजली की दरों को लेकर सरकार को घेरा। महिलाओं और व्यापारियों के मुद्दे भी उठाए AAP प्रदेश प्रभारी ने महिला सुरक्षा और व्यापारियों की समस्याओं को भी रैली में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में छोटे दुकानदारों और ठेले-गुमटी वालों के खिलाफ अतिक्रमण के नाम पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सम्मान और सुविधाएं मिलनी चाहिए, न कि उन्हें लगातार कार्रवाई का डर रहे। नगर निगम पर भी लगाए आरोप तोमर ने भोपाल नगर निगम के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स में 10 प्रतिशत और सीवेज फीस में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 1.82 लाख बड़ी प्रॉपर्टी नगर निगम के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हैं और उनसे टैक्स नहीं लिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ आम लोगों और छोटे कारोबारियों पर टैक्स और कार्रवाई का दबाव है, वहीं बड़ी प्रॉपर्टी से टैक्स वसूली को लेकर गंभीर सवाल हैं। हालांकि, इन दावों पर नगर निगम या भाजपा की ओर से इस रैली के दौरान कोई पक्ष सामने नहीं आया। हर जिले में आंदोलन करेंगे तोमर ने कहा कि भोपाल की जनआक्रोश रैली केवल शुरुआत है। AAP आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली-पानी और व्यापार के क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था चाहिए और मध्य प्रदेश को अब केजरीवाल की गारंटी चाहिए।
