मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दरअसल, हरियाणा से कुछ श्रद्धालु सांवरिया सेठ और खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। इस दौरान उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों व घायल की पहचान की। मृतकों में गुड़गांव, हरियाणा के सिकंदरपुर निवासी अरविंद अहीर (39), नाथूपुर निवासी बिन्दर अहीर (33) और अलवर, राजस्थान के बहरोड़ थाना क्षेत्र के पहेल निवासी कैलाश चंद्र गुर्जर (34) शामिल हैं। वहीं, गुड़गांव (हरियाणा) के जितेंद्र अहीर (40) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल बोला- ट्रक बिना लाइट के खड़ा था, इस कारण कार ट्रक में जा घुसी अस्पताल में भर्ती घायल जितेंद्र ने बताया कि हादसा तड़के हुआ, जब तेज बारिश हो रही थी और चारों तरफ अंधेरा था। एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक बिना किसी इंडिकेटर या लाइट के खड़ा था। कम दृश्यता के कारण कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। गरोठ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। सभी मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है। परिजनों के गरोठ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंप दिए जाएंगे।
