भिंड में मेहगांव थाना क्षेत्र के कोंहार गांव के पास रविवार रात नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के भाई दिनेश शुक्ला के पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारी को सिर में गोली मार दी गई। वारदात उस समय हुई, जब कर्मचारी ड्यूटी खत्म कर अपने गांव लौट रहा था। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को पहले मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। टीआई रविन्द्र शर्मा के मुताबिक, घायल की पहचान करू पुत्र बृजमोहन शर्मा (40) निवासी कोंहार गांव के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल पंप पर कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाम के समय उसका गांव के ही ब्रह्मा पचौरी से पेट्रोल के पुराने उधार को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आरोपी ने पेट्रोल पंप से करीब 1500 रुपये का पेट्रोल उधार लिया था। उधारी की रकम मांगने पर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई थी। ड्यूटी से वापस जाते समय मारा
रात करीब 9 बजे करू ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर दूर उस पर हमला कर सिर में गोली मार दी गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। टीआई रविन्द्र शर्मा ने बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। मामले में ब्रह्मा पचौरी की तलाश की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
