Homeमध्यप्रदेशभोपाल में ‘मिनी कर्तव्य पथ’:बड़े तालाब में नेवी की वाटर लैंडिंग, 10...

भोपाल में ‘मिनी कर्तव्य पथ’:बड़े तालाब में नेवी की वाटर लैंडिंग, 10 हजार ड्रोन, सूर्यकिरण का एयर शो

15 जनवरी को कालीबाड़ी रोड पर टैंक-मिसाइल के साथ सैन्य परेड, जंबूरी में आर्मी डॉग स्क्वॉड के करतब राजधानी में 15 जनवरी 2027 को होने वाली आर्मी डे परेड इस बार केवल सैन्य टुकड़ियों के मार्च और हथियारों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगी। शहर के आसमान में 10 हजार ड्रोन सेना की विरासत बताएंगे। बड़े तालाब में नौसेना के जवान हेलीकॉप्टर से पानी में उतरने की विशेष युद्ध तकनीक दिखाएंगे। इसी दौरान वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम आसमान में फॉर्मेशन बनाएगी। जंबूरी मैदान में आर्मी डॉग स्क्वॉड के करतब और टैंकों का मूवमेंट देखने को मिलेगा। मप्र के 71वें स्थापना दिवस और 79वें भारतीय सेना दिवस के संयुक्त उत्सव के तहत भोपाल में पहली बार आर्मी डे परेड हो रही है। दिल्ली के कर्तव्य पथ की तर्ज पर कालीबाड़ी मार्ग पर सैन्य परेड होगी। जल, थल और वायु सेना के संयुक्त प्रदर्शन के लिए शहर के चार प्रमुख स्थान चुने गए हैं। भोपाल में पहली बार… आर्मी डे की परेड और रोड पर टैंक-मिसाइल Áदेश में पहली बार… आर्मी डे पर तीनों सेनाओं का संयुक्त प्रदर्शन 1. बड़ा तालाब – तीनों सेनाओं का संयुक्त प्रदर्शन
बोट क्लब पर प्रदर्शन में तीनों सेनाओं का तालमेल दिखेगा। नौसेना के जवान हेलीकॉप्टर से पानी में उतरने की विशेष युद्ध तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। वायुसेना के सूर्यकिरण आसमान में फॉर्मेशन बनाएंगे। सेना सेलिंग नोड की रंग-बिरंगी नावों की रेस यानी सेलिंग रेगाटा भी होगी।2. टीटी नगर स्टेडियम- ड्रोन शो में सेना का शौर्य
शाम में रण हुंकार समारोह होगा। इसमें 10 हजार ड्रोन का भव्य शो भारतीय सेना की विरासत को समर्पित रहेगा। इसके अलावा पैरामोटर प्रदर्शन, मार्शल आर्ट, आर्मी सिम्फनी बैंड और मिलिट्री बैंड की प्रस्तुतियां होंगी। नामी कलाकारों के संगीत और प्रदेश के लोकनृत्य भी होंगे।3. जंबूरी मैदान – सैन्य प्रदर्शनी और संवाद
यहां प्रदर्शनी सैन्य उपकरण प्रदर्शित किए जाएंगे। टैंकों के मूवमेंट के साथ आर्मी डॉग स्क्वॉड के करतब होंगे। गौरव गाथा कार्यक्रम में नागरिक वीरता पुरस्कार विजेताओं और खेल जगत की प्रतिभाओं से सीधे संवाद कर सकेंगे।
4. कालीबाड़ी मार्ग- टैंक-मिसाइल और झांकियां
गणतंत्र दिवस की तर्ज पर सैन्य परेड। इसमें टैंक, मिसाइल सिस्टम और अन्य सैन्य उपकरण शामिल। सेना की मार्चिंग टुकड़ियां व मिलिट्री बैंड। मप्र की संस्कृति को दर्शाती झांकियां निकलेंगी। परेड का सीधा प्रसारण किया जाएगा। भोपाल में आयोजन क्यों खास
दिल्ली के बाहर पांचवां शहर: 2023 से पहले आर्मी डे परेड केवल दिल्ली कैंट में होती थी। आम लोगों को सेना से जोड़ने के लिए इसका आयोजन दूसरे शहरों में शुरू हुआ। बेंगलुरु, लखनऊ, पुणे और जयपुर के बाद 2027 में भोपाल को मेजबानी मिली है।
मध्य भारत में सैन्य महत्व: भोपाल के द्रोणांचल में सेना की सुदर्शन चक्र कोर (21 कोर) का मुख्यालय है। यह पश्चिमी सीमाओं की सुरक्षा में अहम। आयोजन मध्य भारत के सैन्य महत्व को दर्शाता है। दो जगह आमजन को एंट्री… दो पर फैसला बाकी
जंबूरी मैदान की सैन्य प्रदर्शनी व बोट क्लब पर होने वाले शो आम जनता के लिए खुले रहेंगे। मुख्य सैन्य परेड और टीटी नगर स्टेडियम के कार्यक्रमों में प्रवेश पर जिला प्रशासन और सेना ने फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here