भोपाल के मिसरोद के सागर रॉयल होम्स में शनिवार देर रात गेट पर खड़ी थार हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घर लौट रहे किसान ने रास्ता साफ करने के लिए हॉर्न बजाया तो थार में बैठे तीन युवक भड़क गए। कुछ देर बाद पार्किंग में पहुंचकर उन्होंने किसान के साथ डंडों से मारपीट की और उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर छीनकर दो फायर कर दिए। एक गोली किसान के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे फ्रैक्चर हो गया, जबकि दूसरा फायर मिस हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिसरोद थाना प्रभारी विमलेश राय के अनुसार, सागर रॉयल होम्स निवासी 33 वर्षीय हरीश कुमार राय खेती-किसानी करते हैं। शनिवार रात करीब एक से दो बजे के बीच वह अपनी स्कॉर्पियो से घर पहुंचे। मुख्य गेट पर हर्षित पटेल की थार खड़ी थी, जिसमें हर्षित, अनुभव चौबे और लोकेश रघुवंशी बैठे थे। कई बार हॉर्न बजाने के बाद भी रास्ता नहीं खुला तो हरीश दूसरे गेट से पार्किंग में चले गए। आरोप है कि तीनों युवक भी थार लेकर पार्किंग में पहुंचे और गेट पर वाहन खड़ा करने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डंडों से मारपीट की। इसी दौरान हर्षित ने हरीश की लाइसेंसी रिवॉल्वर छीन ली और दो फायर कर दिए। एक गोली हरीश के पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली निशाना चूक गई। मौके से मिले दो खाली कारतूस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से दो खाली कारतूस बरामद किए। घायल हरीश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल पुलिस ने हर्षित पटेल (21), अनुभव चौबे (19) और लोकेश रघुवंशी (24) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
