इंदौर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में भेरू घाट के पास मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात 8 बजे से जाम के हालात बने हुए हैं। करीब 18 घंटे बाद भी रास्ता पूरी तरह नहीं खुल पाया है। आईसर और कंटेनर की भिड़ंत के बाद भारी कंटेनर सड़क पर पलट गया। उसे हटाने पहुंची क्रेन भी पलट गई। दो क्रेन लगाने के बावजूद कंटेनर अपनी जगह से नहीं हिला। अब इंदौर से तीसरी बड़ी क्रेन बुलाई गई है। इस बीच हाईवे पर दो अन्य हैवी ट्रक भी खराब हो गए। इन्हें हटाने के लिए सुबह से मैकेनिक और क्रेन की मदद ली जा रही है, लेकिन भारी वजन के कारण इन्हें खींचने में परेशानी आ रही है। फिलहाल आवागमन के लिए एक ही लेन चालू है। करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी है। यात्रियों को एक से दो घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ रहा है। देखिए दो तस्वीरें… दो क्रेन नाकाम, तीसरी से रास्ता खुलने की उम्मीद रात में कंटेनर हटाने के लिए क्रेन लगाई गई थी, लेकिन भारी वजन के कारण उसे उठाने की कोशिश सफल नहीं हुई। इस दौरान क्रेन भी पलट गई। इसके बाद दो क्रेनों की मदद से कंटेनर हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। अब इंदौर से बड़ी क्रेन बुलाई गई है। प्रशासन का कहना है कि तीन क्रेनों की संयुक्त मदद से कंटेनर को सड़क किनारे किया जाएगा। इसके बाद दोनों लेन से यातायात शुरू हो सकेगा। जाम के कारण बस यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। बसों का इंतजार कर रहे यात्री सड़क पर करीब दो घंटे तक खड़े रहे, क्योंकि बसें जाम वाले हिस्से तक नहीं पहुंच पा रही थीं। कई यात्रियों को जाम से निकलने में भी करीब दो घंटे लग गए। तीन जिलों को जोड़ता है यह हाईवे मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग इंदौर, धार और खरगोन जिलों से होकर गुजरता है। भेरू घाट इंदौर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में है, जबकि गणेश मंदिर घाट धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र और काकड़दा खरगोन जिले में आता है। इंदौर जिले के हिस्से में जाम लगने से वाहनों की कतार बढ़ गई है। छोटे वाहन और सवारी गाड़ियां मानपुर-बगड़ी मार्ग से निकल रहे हैं। मानपुर पुलिस मौके पर यातायात संभाल रही है।
