इंदौर के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत पोस्ट होते ही जिम्मेदार संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें…) वार्ड 5 के प्रभारी दरोगा विनीत बोयत बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’
वार्ड 5 के दामोदर नगर, नवापुरा निवासी राकेश ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की ड्रेनेज लाइन टूटने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा था। पानी जमा होने से मच्छर बढ़ गए थे और बच्चों का बाहर खेलना भी मुश्किल हो गया था। शिकायत सामने आने के बाद आज के ‘स्टार ऑफिसर’ प्रभारी दरोगा विनीत बोयत ने मामले पर संज्ञान लिया और मौके पर कार्रवाई कराई। समाधान की पुष्टि भी एप पर की गई, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली। एप से लोगों को मिल रहा समाधान बड़ी ग्वालटोली: जमा पानी की समस्या हुई दूर वार्ड 48 के वार्दा विहार अपार्टमेंट, तिलक नगर रोड निवासी अर्पित गोयल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब दो साल से बारिश में जलभराव हो रहा था। इससे मच्छर पनप रहे थे और आवारा कुत्तों की गंदगी भी फैल रही थी। शिकायत के बाद पार्षद विजयलक्ष्मी ए. गौहर ने संज्ञान लेकर समस्या का समाधान कराया। पार्षद ने एप पर इसकी पुष्टि भी की। खुदाई, चोक चैंबर और जर्जर खंभे से परेशान इंदौरवासी अनुराग नगर: गैस लाइन की खुदाई के बाद सड़क पर जलभराव वार्ड 30 के एलआईजी लिंक रोड, अनुराग नगर निवासी सलोनी मेहता ने शिकायत दर्ज कराई है कि नर्मदा गैस कनेक्शन के लिए हुई खुदाई के बाद घर के सामने के पेवर्स पूरी तरह खराब हो गए हैं। खुदाई के बाद सड़क को ठीक से समतल नहीं किया गया, जिससे बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है और मच्छरों के कारण बीमारी का खतरा भी बना हुआ है। भंवरासला: पाइप लाइन डालने के बाद सड़क बदहाल वार्ड 30 के सिद्धांत निकेतन, भंवरासला निवासी प्रणय बर्मोटा ने शिकायत दर्ज कराई है कि नगर निगम की ओर से पाइप लाइन डालने के बाद मुख्य सड़क की हालत खराब हो गई है। सड़क पर गड्ढे होने से महिलाओं को वाहन निकालने में परेशानी होती है और कई लोग गिर भी चुके हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ओमेक्स सिटी: सालभर से बह रहा चैंबर, जल्द समाधान की मांग वार्ड 18 के अनमोल ईडब्ल्यूएस, ओमेक्स सिटी-1 के निवासियों ने शिकायत दर्ज कराई है कि बिल्डिंग के बीच स्थित चैंबर लंबे समय से लगातार बह रहा है। चैंबर से गंदगी बाहर आने के कारण पूरे क्षेत्र में बदबू फैलती है और रहवासियों को परेशानी होती है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार करीब एक साल से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हुआ है। गोरी नगर: झुके बिजली के खंभे से हादसे का खतरा वार्ड 36 के मोती नगर, गोरी नगर निवासी नीलेश नाथ ने शिकायत दर्ज कराई है कि जाम के बगीचे के पास लगा बिजली का खंभा पिछले कुछ महीनों से गिरने की हालत में है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, यह रास्ता लगातार इस्तेमाल होता है और यहां बच्चे भी खेलते हैं, ऐसे में खंभे के गिरने से हादसे का खतरा बना हुआ है। पब्लिक को आवाज देने का डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदारों तक पहुंचती है। समस्या का समाधान होने पर यूजर्स इसकी जानकारी एप पर अपडेट भी कर सकते हैं। अधिकारी भी बता सकेंगे, क्या कार्रवाई की इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने पर एप के जरिए शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दे सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव की पहल ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर की जनसमस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद हो और समस्याओं के समाधान में तेजी आए।
