Homeमध्यप्रदेशभाजपा नेता बोले- धीरेंद्र शास्त्री ईश्वर का अवतार:विधायक ने कहा- मेरा हाथ...

भाजपा नेता बोले- धीरेंद्र शास्त्री ईश्वर का अवतार:विधायक ने कहा- मेरा हाथ अब हथौड़ा हो गया है; बच्चों से रेस में हारे मंत्री

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। मंत्री ने बच्चों के साथ रेस लगाई
मंत्री दिलीप अहिरवार का दिलचस्प अंदाज देखने को मिला। वे कुछ देर के लिए अपने बचपन में लौट गए। उन्होंने बच्चों के साथ दौड़ लगाई। दरअसल, मंत्री एक स्पोर्ट्स अकादमी के कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने बच्चों से संवाद किया और उनके कहने पर रेस भी लगाई। मंत्री जमकर दौड़े, लेकिन बच्चों से जीत नहीं पाए। हालांकि, मंत्री अपनी इस हार से भी खुश हैं, क्योंकि बच्चों की खुशी के लिए उन्होंने यह सब किया। अब लोग इस पर चुटकी ले रहे हैं। मंत्री की हार पर कह रहे हैं कि हारकर जीतने वाले को बाजीगर कहते हैं। ये वही मंत्री हैं, जिन्होंने एक बार सीएम के हेलिकॉप्टर में बैठने के लिए भी दौड़ लगाई थी। विधायक ने फिर दिखाई ताकत
शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने खुद को बाजीगर और साथ ही कारीगर बताया है। इतना ही नहीं, खुद को ढाई सौ किलो वजन के हाथ वाला कहने वाले नेताजी ने एक बार फिर अपने हाथ की ताकत बताई। उन्होंने कहा कि एक लाख लाड़ली और लाड़लों ने मेरे हाथ को मजबूत किया है। मेरे हाथ को हथौड़ा बना दिया है। दरअसल, हाल ही में सीएम डॉ. मोहन यादव पिछोर आए थे। इस कार्यक्रम में विधायक प्रीतम लोधी ने जोर-शोर से नए जिले की मांग उठाई थी। अपनी इस मांग को बुलंद करने के लिए उन्होंने कार्यक्रम में अच्छी-खासी भीड़ भी जुटाई थी। अपने इसी मेगा शो को लेकर विधायक एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद को शाबाशी दे रहे थे। हालांकि, अभी नए जिले को लेकर सीएम की ओर से पक्का भरोसा ही मिला है। वैसे सीएम भी मंच से विधायक की तारीफ कर गए थे। उन्होंने भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को पहलवान कहकर संबोधित किया था। अब लोग कह रहे हैं कि जब सीएम ने ही पहलवान का तमगा दे दिया तो फिर जोश तो हाई होगा ही। धीरेंद्र शास्त्री को बताया ईश्वर का अवतार
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हाल ही में अपनी एक कथा के दौरान कहा था कि भगवान राम सीधे हैं और भगवान कृष्ण टेढ़े। शिवपुरी में जब मीडिया ने इस बयान को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव और पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा से सवाल किया, तो वे धीरेंद्र शास्त्री के बयान को जायज ठहराने लगे। जिला अध्यक्ष ने कहा कि वो शास्त्री हैं। वे हमारे धार्मिक शास्त्रों के व्याख्याता हैं। टेढ़ा-सीधा कहने का उन्हें अधिकार है। वे ऊंचे सिंहासन पर बैठते हैं। हम उनमें आस्था रखते हैं, विश्वास रखते हैं। वहीं, जिला अध्यक्ष के पास बैठे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन ने कहा कि वे हमारे लिए ईश्वर के अवतार हैं। और अब अंदर की बात.. फीका हो गया साहब का छठ पर्व
मध्य प्रदेश में एक विभाग में पदस्थ अपर मुख्य सचिव यानी एसीएस का छठ पर्व फीका हो गया। वे अपने घर नहीं जा पाए। हुआ यूं कि साहब ने बड़े उत्साह से अपने गृह राज्य में जाकर छठ पर्व मनाने का प्लान बनाया था। इसके लिए उन्होंने बाकायदा 10 दिन की छुट्‌टी ली थी। लेकिन छुट्टी पर रवानगी से ऐन पहले सरकार ने उन्हें तलब कर लिया। सरकार ने लगे हाथ उनके कामकाज का औपचारिक रिव्यू भी कर लिया। इसमें पता चला कि विभाग में करीब ढाई हजार से ज्यादा फाइलें पेंडिंग पड़ी हैं। इस पर अधिकारी को सफाई देना पड़ी। इसका असर यह हुआ कि साहब त्योहार मनाने अपने घर नहीं जा पाए। उन्होंने अपनी छुट्‌टियां कैंसिल कर दीं। हालांकि, वे भोपाल में भी नहीं हैं। सुना है कि फिलहाल दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और वहीं से ऑनलाइन फाइलों का निपटारा कर रहे हैं। इससे उस अधिकारी को राहत जरूर मिली, जिन्हें साहब के छुट्‌टी पर जाने की स्थिति में प्रभार दिया गया था। इनपुट सहयोग – राजेश चौरसिया (छतरपुर), कपिल मिश्रा (शिवपुरी) ये भी पढ़ें –
पेड़ पर हरबोले का धरना, विधायक से मांगे रुपए; कलेक्टर ने विधायक को 5 मिनट में 15 बार टोका मंदसौर के सुवासरा से भाजपा विधायक हरदीप सिंह डंग के साथ एक दिलचस्प वाकया हो गया। दरअसल, एक हरबोला उनके घर पहुंचा और पैसों की मांग को लेकर घर के सामने स्थित पेड़ पर चढ़ गया। इसका वीडियो भी सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here