भगवान श्रीकृष्ण पर कथित विवादित टिप्पणी के बाद अब मौलाना जर्जिस अंसारी का भगवान शिव और भगवान ब्रह्मा को लेकर एक और कथित विवादित बयान सामने आने का दावा किया जा रहा है। इस पर भोपाल में श्री हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने कड़ा विरोध जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि मौलाना भोपाल आए तो उनका मुंह काला कर, गधे पर बैठाकर और जूतों की माला पहनाकर शहर में घुमाया जाएगा। बता दें कि विवादित वीडियो 23 जून 2026 को झारखंड में दिए गए एक भाषण का है। चतुर्वेदी टाइटल लगाने वाले मौलाना अंसारी ने श्रीमद्भगवद्गीता के एक श्लोक पढ़ते हुए एक विवादित बयान दिया था। मौलाना ने कहा था- भगवान श्रीकृष्ण धर्म से मुस्लिम थे और दिन में 5 बार नमाज पढ़ा करते थे। अगर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम के बड़े भक्त बनते हैं, अगर वे हमारी किताब पढ़ लें तो इस्लाम से मोहब्बत करने लगेंगे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने भगवान शिव और भगवान ब्रह्मा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। पुराना वीडियो फिर से सामने आने के बाद संत समाज और हिंदू संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। भोपाल में हिंदू संगठनों का विरोध श्री हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि मौलाना जर्जिस बार-बार हिंदू देवी-देवताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि मौलाना के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। भोपाल आने पर विरोध की चेतावनी चंद्रशेखर तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मौलाना जर्जिस भोपाल आए तो उनके संगठन द्वारा उनका मुंह काला कर, गधे पर बैठाकर और जूतों की माला पहनाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि हिंदू समाज अपने आराध्य देवी-देवताओं के अपमान को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। पहले भी विवादों में रह चुके हैं मौलाना इससे पहले मौलाना जर्जिस अंसारी भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए अपने कथित बयान को लेकर विवादों में आ चुके हैं। उस मामले में हरियाणा के पानीपत की अदालत ने उन्हें नोटिस जारी किया है और 12 अगस्त को पेश होने के निर्देश दिए हैं।
