गोंडा में राजन जी महाराज की श्रीराम कथा चल रही है। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कथा में शामिल होने पहुंचे। उनके साथ योग गुरू बाबा रामदेव भी थे। महंत आलोक दास जी महाराज और राजकुमार दास जी महाराज ने उनका स्वागत किया। मोहन यादव ने कहा- हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि आज सोमनाथ धाम भी जगमगा रहा है और अयोध्या धाम भी जगमगा रहा है। भगवान की इच्छा होगी तो गोपाल कृष्ण का धाम भी जगमगाएगा। गोंडा के जयप्रभा गांव में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। जानकी नगर पोखरा में बने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। मोहन यादव ने कथा के दौरान क्या कहा पढ़िए…
‘मैंने भगवान कृष्ण की लीलाओं के बारे में सुना है’
सीएम मोहन यादव ने कहा- मैंने भगवान कृष्ण की लीलाओं के बारे में सुना है कि वो सोलह कला के थे और नाना प्रकार के रूप की सारी बातें। लेकिन रामदेव जी महाराज को देखता हूं तो लगता है कि वो गोपाल कैसा, वो काल कितना अद्भुत रहा होगा। इसके बाद बाबा रामदेव का अभिनंदन और सभी संतों को प्रणाम किया। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धीरे-धीरे देश भर में अब सनातन धर्म की धारा का आनंद है। ‘अयोध्या में भगवान का धाम जगमगा रहा है’
हम सब जानते हैं कि अयोध्या के अंदर सरकारों की कमजोरियों के कारण से भगवान राम के लिए कितने व्यवधान आए। लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू कराया गया। लिए संतों के आशीर्वाद से संविधान की रक्षा भी हुई और आनंद के साथ भगवान का धाम जगमगा रहा है। मैं अपनी ओर से यह कहना चाहूंगा कि मध्य प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े सभी देवस्थानों को विकसित किया जा रहा है। इनमें वे स्थान शामिल हैं, जहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हुईं और जहां उन्होंने शिक्षा प्राप्त की। महर्षि सांदीपनि का आश्रम, जहां भगवान श्रीकृष्ण की सुदामा से मित्रता हुई, वह नारायण धाम, जहां माता रुक्मिणी के हरण के समय युद्ध हुआ और भगवान श्रीकृष्ण एवं परशुराम जी से जुड़ी आध्यात्मिक स्थली जानापाव शामिल हैं। हमारी सरकार इन सभी स्थलों को एक-एक करके देवस्थान की मर्यादा के अनुरूप धार्मिक स्थलों के रूप में स्थापित कर रही है। ‘गोपाल कृष्ण का धाम भी जगमगाएगा’
हम सब जानते हैं कि भगवान कितनी बार परीक्षा लेते हैं। एक बार नहीं, दो बार नहीं। लेकिन दुश्मन कितनी भी बार कुछ भी करे, यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि आज सोमनाथ धाम भी जगमगा रहा है और अयोध्या धाम भी जगमगा रहा है। भगवान की इच्छा होगी तो गोपाल कृष्ण का धाम भी जगमगाएगा। 200 बीघा में बना विशाल पंडाल, 2 लाख श्रद्धालुओं की व्यवस्था आयोजन के लिए 200 बीघे में विशाल श्रीराम कथा पंडाल और वीवीआईपी टेंट सिटी तैयार की गई है। पंडाल में एक साथ करीब दो लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है। आयोजन समिति के मुताबिक, श्रद्धालुओं के लिए कुर्सियों की व्यवस्था नहीं की गई है। सभी जमीन पर बैठकर कथा सुनेंगे। हर दिन 2 लाख लोगों के लिए बनेगा भोजन और प्रसाद महोत्सव में भोजन और भंडारे की जिम्मेदारी अलग-अलग समूहों को सौंपी गई है। वीवीआईपी अतिथियों, साधु-संतों और बटुकों के भोजन की व्यवस्था गोंडा के संस्थान ‘मेल्टिंग मोमेंट्स’ को दी गई है। वहीं, आम श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और प्रसाद की व्यवस्था दूसरे कैटरर को सौंपी गई है। दोनों व्यवस्थापक मिलकर प्रतिदिन करीब दो लाख लोगों के लिए भोजन और प्रसाद तैयार कर रहे हैं। 10 से अधिक पार्किंग स्थल, श्रद्धालुओं के लिए 150 से ज्यादा वाहन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बलरामपुर और गोंडा मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर 10 से अधिक पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ऐसे श्रद्धालुओं, जिनके पास आवागमन के साधन नहीं हैं, उनके लिए 100 से अधिक बसें और 50 से अधिक छोटे वाहन लगाए गए हैं। इनसे श्रद्धालुओं को कथा स्थल तक लाने और कार्यक्रम के बाद वापस पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। 100 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी 17 से 25 नवंबर तक श्रीराम कथा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद 26 और 27 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 28 नवंबर को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए खरगूपुर, इटियाथोक समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। महंत आलोक दास के हजारों सेवादार, ट्रस्ट के सदस्य और स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालेंगे। सुरक्षा के लिए कार्यक्रम स्थल पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। टेंट सिटी में 100 और भंडारा स्थल पर 20 कैमरों से निगरानी की जाएगी। इससे पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, योग ऋषि बाबा रामदेव, श्रीराम वल्लभा कुंज के अधिकारी और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य राजकुमार दास महाराज समेत देशभर के कई प्रमुख साधु-संत कथा में पहुंच चुके हैं। …………….. ये खबर भी पढ़िए… धीरेंद्र शास्त्री को कार से कुंडा क्यों लाए राजा भैया, खुद बताई वजह; दिव्य दरबार में चीखकर महिलाएं लोटने लगीं प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया के यहां पंडित धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा संपन्न हो गई। आखिरी दिन राजा भैया ने कहा- मैं देखना चाहता था कि कौन रोकेगा, इसलिए बाबा बागेश्वर को प्रयागराज से कुंडा तक खुद कार चलाकर लाया। इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार लगा। इसमें एक युवक ने अपनी शर्ट फाड़कर सीना पीटा, तो वहीं कुछ महिलाएं जमीन पर लोटने लगीं। VIDEO देखें…
