ब्यावरा शहर पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी हुआ फार्मट्रैक ट्रैक्टर और वारदात में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार समेत कुल 7 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को ग्राम हबीपुरा निवासी जगदीश दांगी का फार्मट्रैक ट्रैक्टर उनके घर के बाउंड्री से चोरी हो गया था। थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन और उपनिरीक्षक अमित त्यागी के नेतृत्व में बनी टीम ने भोपाल, गुना, सीहोर और विदिशा जिलों में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने सुराग जुटाकर नजीराबाद क्षेत्र के गब्बर उर्फ जगदीश गुर्जर और लखपत गुर्जर को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया। ऑल्टो कार जब्त, एक आरोपी अभी भी फरार पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी राजमोहन गुर्जर और अनिल गुर्जर के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। चारों आरोपी ऑल्टो कार से हबीपुरा पहुंचे थे और चोरी का ट्रैक्टर पहले नजीराबाद के जंगलों में और फिर खुरैल की पहाड़ी पर छिपा दिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑल्टो कार जब्त करते हुए तीसरे आरोपी राजमोहन गुर्जर को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथा आरोपी अनिल गुर्जर फिलहाल फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
