Homeमध्यप्रदेशबैतूल में काढ़े से 2 मौतें, ग्रामीण बोले- बाबा निर्दोष:सरपंच का दावा-...

बैतूल में काढ़े से 2 मौतें, ग्रामीण बोले- बाबा निर्दोष:सरपंच का दावा- यहां से 90% लोगों की शराब छूटी, 15 साल में कभी ऐसा नहीं हुआ

एक पेड़ की जड़ से बना काढ़ा पीने के बाद शराब की इच्छा खत्म हो जाती। अगर कोई दोबारा शराब पीता तो उसे उल्टियां होने लगती और धीरे-धीरे उसकी लत छूट जाती। इसी दावे पर भरोसा कर पिछले 15 साल से बैतूल के पाठाखेड़ा गांव में हर सप्ताह के दो दिन लोगों की भीड़ जुट रही थी। लेकिन बुधवार को इसी काढ़े को पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई और पांच की तबीयत बिगड़ गई, जिनका भोपाल एम्स में इलाज चल रहा है। मामला सामने आने के बाद दैनिक भास्कर डिजिटल की टीम जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर उसी गांव पहुंची और कथित नशा मुक्ति केंद्र की हकीकत जानने की कोशिश की। ग्रामीणों में आज भी कई लोग बाबा की दवा को कारगर मानते हैं, कुछ ने अपने अनुभव बताते हुए बाबा को निर्दोष बताया। पढ़िए ग्राउंड रिपोर्ट… पहले देखिए केंद्र की दो तस्वीरें… सुनसान जगह पर मंदिरों के पास चलती थी राजा की बैठक पाठाखेड़ा के इस विवादित केंद्र को ग्रामीण राजा की बैठक कहते हैं। यह इंदौर हाईवे पर स्थित है। यहां सुनसान जगह पर कुछ मंदिर दिखाई दिए, जहां चढ़ावे का सामान रखा था। ग्रामीणों के मुताबिक, हर रविवार और बुधवार को इसी जगह शराब छोड़ने के इच्छुक लोग पहुंचते थे। बैठक से लगे जंगल में जमरास के कई पेड़ हैं। ग्रामीणों ने बताया कि भगत रमेश उइके इन्हीं पेड़ों की जड़ निकालते थे। जड़ को साफ करने के बाद सुखाया जाता और फिर कूटकर उसका बुरादा (पाउडर) बनाया जाता। इसी बुरादे को पानी में मिलाकर काढ़ा तैयार किया जाता था। शराब छोड़ने आए लोगों को एक या दो गिलास यह घोल पिलाया जाता था। ग्रामीण बोला- काढ़े से मेरी लत खत्म हुई टेकड़ी जाम गांव के रहने वाले लच्छी राम ने बताया, मुझे शराब पीने की बहुत ज्यादा लत थी। राजा की बैठक में बाबा की दवा के बारे में पता चला तो करीब तीन महीने पहले वहां गया था। बाबा ने मुझे एक गिलास काढ़ा पिलाया था। तब से मैंने शराब नहीं पी। सरपंच का दावा- 90% लोगों को यहां से फायदा मिला पाठाखेड़ा के सरपंच गुलाबराव उइके का कहना है कि बाबा पिछले 14-15 साल से लोगों को शराब छुड़ाने की दवा दे रहे हैं। पहले कभी इस तरह की घटना सामने नहीं आई। उनका दावा है कि घटना वाले दिन भी करीब 40-50 लोगों ने काढ़ा पिया था। वहीं, भगत के भतीजे ओमकार परते ने कहा, “सुनने में आया है जिनकी मौत हुई, वे पहले से ज्यादा शराब पीकर आए थे। उन्होंने खाना भी नहीं खाया था। काढ़ा पीने के बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं। यह दवा तो जड़ी-बूटियों से तैयार होती है। इसमें कोई केमिकल नहीं मिलाया जाता।” हालांकि, इस बात की अब तक पुलिस जांच में पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने काढ़ा और उल्टी के सैंपल जब्त किए काढ़ा पीने के बाद संजय उईके और रामकिशोर झाड़े की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। बीमारों के ईसीजी में बदलाव और हार्ट मसल डैमेज के संकेत मिलने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल एम्स भेजा गया। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। उनका विसरा जांच के लिए भोपाल की एफएसएल लैब भेजा गया है। पुलिस ने अस्पतालों से मरीजों की उल्टी के सैंपल भी जब्त किए हैं। इसके अलावा मौके से काढ़ा, लिक्विड और जमरास की जड़ का चूरा भी लिया गया है। सभी नमूनों की जांच कराई जा रही है। मनोचिकित्सक बोले- मरीज की हालत समझना जरूरी मनोचिकित्सक डॉ. संजय खातरकर बताते हैं कि नशामुक्ति के लिए सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि व्यक्ति किस तरह का नशा करता है और कितनी मात्रा में करता है। इसके बाद यह आकलन किया जाता है कि नशा छोड़ने पर उसे विड्रॉल यानी नशा बंद करने से होने वाली शारीरिक और मानसिक परेशानियों का कितना खतरा है। डॉक्टर के मुताबिक, मरीज की काउंसलिंग की जाती है। उसकी स्थिति के अनुसार दवाएं दी जाती हैं। इसके लिए मेडिकल जांच और विशेषज्ञ की निगरानी जरूरी होती है। बैतूल में नशामुक्ति के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। गंभीर मामलों में मरीजों को भोपाल रेफर करना पड़ता है। वे बताते हैं कि शराब या किसी दूसरे नशे को छोड़ने के लिए व्यक्ति की अपनी इच्छा और तैयारी भी जरूरी है। सही इलाज में काउंसलिंग, जरूरत के अनुसार दवा और नियमित निगरानी शामिल होती है। आरोपियों पर गैर इरादन हत्या का केस दर्ज एसपी अमित सक्सेना के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि काढ़े में कोई जहरीला तत्व तो नहीं था। साथ ही इस आशंका की भी जांच हो रही है कि बीमार हुए लोगों ने इससे पहले कहीं जहरीली शराब का सेवन तो नहीं किया था। मामले में रमेश उइके, ओझा परते और शरद कवड़े को गिरफ्तार किया गया है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। ये खबरें भी पढ़ें… 1. 100 रुपए में 3 गिलास काढ़ा पिलाया था शराब की लत छुड़ाने के नाम पर 7 लोगों को जहरीला जूस पिलाया गया। जड़ी-बूटी का घोल पीने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 की तबीयत बिगड़ गई। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरी खबर पढ़िए… 2. एक शादी, दूसरा बेटे के लिए छोड़ना चाहता था शराब परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद युवक शराब छोड़ देगा और उसकी शादी की तैयारियां शुरू हो सकेंगी। परिजन के मुताबिक, वहां जड़ी-बूटी का काढ़ा पीने के बाद संजय की तबीयत बिगड़ने लगी। पूरी खबर पढ़िए… 3. सागर में शराब पीने से बिगड़ी तबीयत, 2 की मौत सागर जिले में शराब पीने के बाद 2 लोगों की मौत हो गई। एक की घर में ही जान चली गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों ने गुरुवार को डीसीआर की लाल मसाला शराब पी थी। पूरी खबर पढ़िए…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here