राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार सुबह बैतूल पहुंच गईं। वे मिलानपुर टोल नाका स्थित हेलीपैड पर उतरीं, जहां राज्यपाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति का काफिला लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम के लिए रवाना हुआ, जहां वे “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” विषय पर आयोजित महासम्मेलन में शामिल होंगी। महासम्मेलन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके और विधायक हेमंत खंडेलवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद हैं। कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12:45 बजे ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचने पर राष्ट्रपति सबसे पहले पौधरोपण करेंगी और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत होगी। दीप प्रज्ज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद राष्ट्रपति कलश एवं ध्वज पूजन के माध्यम से महासम्मेलन का शुभारंभ करेंगी और जनसभा को संबोधित करेंगी। देखिए कार्यक्रम की तस्वीरें… कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचा काफिला राष्ट्रपति का काफिला मिलानपुर हेलीपैड से भारत भारती, सोनाघाटी फॉरेस्ट बैरियर, चक्कर रोड, कोतवाली चौक, गणेश मंदिर, कॉलेज चौक और पुलिस कंट्रोल रूम मार्ग से होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचा। वीवीआईपी दौरे को देखते हुए पूरे मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव लागू किए गए हैं। अधिकारियों ने संभाली कमान राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कमिश्नर श्रीकांत बनोठ, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित यातायात और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
