मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। किसानों पर ये क्या कह गए सांसद
रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने अन्नदाताओं की मेहनत पर ही सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा कि किसान साल में केवल तीन महीने ही खेती में मेहनत करते हैं। बाकी के नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले में बिता देते हैं। सांसद मऊगंज जिले की एक गौशाला में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा कि आज के किसान पहले जैसे नहीं रहे। वे काफी बदल गए हैं। इसके बाद उन्होंने सवाल किया कि किसान तीन महीने मेहनत करते हैं, तो बाकी के नौ महीने क्या करते हैं? इस पर वहां मौजूद एक व्यक्ति ने जवाब दिया कि ताश खेलते हैं। बस फिर क्या था, सांसद ने उसकी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि आज का किसान तीन महीने मेहनत करता है और बाकी के नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले…। अब लोग कह रहे हैं कि सांसद ने न केवल किसानों की मेहनत पर सवाल उठाए, बल्कि एक तरह से उन्हें जुआरी और नशेड़ी भी बता दिया। सांसद के इस बयान पर किसान संगठनों ने नाराजगी जताई है। दुकानदार ने मंत्री को सुनाई खरी-खोटी
छतरपुर के चंदला में मंत्री दिलीप अहिरवार बीच बाजार में बुरे फंस गए। दरअसल, मंत्री जी लोगों से दीपावली की राम-राम करने के लिए बाजार भ्रमण पर निकले थे। लेकिन एक दुकानदार ने उन्हें रोक लिया और खूब खरी-खोटी सुना दी। बुजुर्ग दुकानदार ने मंत्री दिलीप अहिरवार से कहा कि चंदला में एक रुपए का भी विकास नहीं हुआ है। यहां पुलिस चौकी तक नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ काम ऐसे हैं, जो सामाजिक लिहाज से जरूरी हैं, लेकिन मंत्री जी का ध्यान उन पर नहीं है। इसके बाद दुकानदार ने नसीहत देते हुए कहा कि आप बहुत से लोगों से घिरे रहते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए। अपने माइंड से काम करिए। दुकानदार ने खुद को भाजपा का पुराना कार्यकर्ता भी बताया। अब मंत्री जी क्या करते। हाथ जोड़कर चुपचाप दुकानदार की बातें सुनते रहे। फिर मौका पाकर उनके पैर छुए और वहां से निकल गए। यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया। अब लोग इस पर चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि सिर्फ मेल-मुलाकात से काम नहीं चलेगा, विकास के काम भी करके दिखाने होंगे। बुंदेली रंग में रंगे नजर आए मंत्री राजपूत
सागर में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ठेठ बुंदेली परंपरा के रंग में रंगे नजर आए। गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री ने दीवारी परंपरा के लोकगीत भी गाए और जमकर डांस भी किया। मंत्री राजपूत ने दीवारी गीत- ‘गैयों की पूजा करो, भैंसों के करो श्रृंगार रे, और बैलों के खुर पुंजियो रे भैया, जे धरती के पालनहार’ गाकर मौनियों के साथ कदम से कदम मिलाए। और अब अंदर की बात.. बंगले के लिए चक्कर काट रहे आईएएस
हाल ही में जारी आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची में फील्ड में पदस्थ कुछ अफसरों को राजधानी बुला लिया गया। अब इन अधिकारियों को सरकारी आशियाने यानी बंगले का इंतजार है। इनमें से दो आईएएस अधिकारी सरकारी बंगले के लिए मंत्रालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें मनचाहे बंगले नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं, एक साहब तो अपने पुराने सरकारी बंगले का मोह ही नहीं छोड़ पा रहे हैं। वे राजधानी से सटे जिस जिले से आए हैं, वहां का सरकारी आवास छोड़ने को तैयार नहीं हैं। लिहाजा, वहीं रहकर राजधानी तक अप-डाउन कर रहे हैं। इधर, उनकी जगह उस जिले में पदस्थ हुए नए साहब मजबूरी में सर्किट हाउस यानी सरकारी गेस्ट हाउस में रहने को मजबूर हैं। इनपुट सहयोग – नसीम खान (मऊगंज), राजेश चौरसिया (छतरपुर), जितेंद्र तिवारी (सागर) ये भी पढ़ें –
रील के लिए विधायक ने उठाया जानलेवा रिस्क: नरोत्तम मिश्रा का शक्ति प्रदर्शन नीमच से भाजपा विधायक दिलीप सिंह परिहार का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे पटाखों की जलती हुई लड़ को हाथ से पकड़कर इधर-उधर घुमाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद जलती हुई लड़ को फेंकते भी दिखे। यानी पटाखे जलाने के जोश में सुरक्षा के सारे नियम ताक पर रख दिए। पूरी खबर पढ़ें
