अशोकनगर जिले में सोमवार को बिजली और सड़क की मांग को लेकर आदिवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन किया। महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग 346ए के अशोकनगर-विदिशा मार्ग स्थित अतरेजी गांव में सड़क पर बैठ गईं। उन्होंने बिजली कंपनी और पंचायत के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाएं सरपंच और बिजली विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगा रही थीं। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस चक्का जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर बहादुरपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। बंगलाचौराहा चौकी प्रभारी रामदयाल नंदा ने महिलाओं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण बिजली कंपनी के जेई को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। कुछ देर बाद बिजली कंपनी के जेई बाबू मंडेलिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने गांव में सड़क और नियमित बिजली आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था की भी मांग की।
