बालाघाट के नए कलेक्टर कुमार सत्यम ने सोमवार को अपना पदभार संभाल लिया। कुर्सी संभालते ही वे एक्शन में दिखे और अधिकारियों से साफ कहा कि काम में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा फील्ड विजिट करने, मौके पर जाकर समस्याएं सुलझाने और प्रो-एक्टिव होकर काम करने के निर्देश दिए ताकि सरकारी योजनाओं का फायदा सही समय पर लोगों को मिल सके। सीएम हेल्पलाइन और ई-सेवाओं का तुरंत हो निपटारा समय-सीमा की बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और ई-सेवा से जुड़े लंबित मामलों को समय पर निपटाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत लोन की मंजूरी में तेजी लाने को कहा। स्वास्थ्य और किसान योजनाओं की समीक्षा बैठक में मलेरिया नियंत्रण, डायबिटीज और हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों की रोकथाम की समीक्षा की गई। इसके अलावा पेंशन के मामलों, लाड़ली लक्ष्मी योजना में आधार अपडेट और पीएम किसान पोर्टल पर पंजीयन जैसे जरूरी कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
