रीवा जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने और खौफ पैदा करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर एक युवक का देश पिस्टल (कट्टा) लहराते हुए वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बेखौफ होकर कहता नजर आ रहा है- “बात-बात में कट्टा चल जाता है रीवा शहर में।” इसी अकाउंट से कथित तौर पर 8 राउंड हवाई फायरिंग का वीडियो भी अपलोड किया गया है। मामला संज्ञान में आते ही रीवा पुलिस और साइबर सेल हरकत में आ गई है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। देखिए तस्वीरें कट्टे के साथ-साथ जानलेवा बाइक स्टंट के भी वीडियो आरोपी युवक के इंस्टाग्राम अकाउंट पर केवल हथियारों का प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि सड़क पर सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कई स्टंट वीडियो भी पोस्ट किए गए हैं। वीडियो में युवक व्यस्त सड़क पर चलती बाइक के ऊपर खड़ा होकर स्टंट करता दिख रहा है। स्टंट के दौरान आसपास से अन्य वाहन गुजरते नजर आ रहे हैं, जिससे बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। संदेही युवक की पहचान: ‘राज उर्फ रॉक’ प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वीडियो में दिख रहा युवक करहिया निवासी राज उर्फ रॉक हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। साइबर टीम अकाउंट के आईपी एड्रेस, वीडियो के रिकॉर्डिंग समय और लोकेशन की तकनीकी जांच कर रही है। SP के सख्त निर्देश: ‘सोशल मीडिया पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं’ रीवा पुलिस अधीक्षक (SP) गुरुकरण सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। जिले में अवैध हथियारों और सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाए। वीडियो की सत्यता और हथियार के अवैध पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट (Arms Act) और मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicle Act) की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
