मध्यप्रदेश के छतरपुर में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दुल्हन के 14 वर्षीय छोटे भाई भीम अहिरवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार सुबह बहन की विदाई होनी थी, लेकिन उससे पहले ही घर में फेरे रुक गए और डोली की जगह भाई की अर्थी उठने की तैयारी शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार, लवकुशनगर थाना क्षेत्र के बागमऊ गांव में चेतराम अहिरवार की बेटी वंदना की शादी थी। सोमवार रात बारात गांव पहुंची थी और घर में शादी की रस्में चल रही थीं। मंगलवार सुबह सात फेरे और विदाई की तैयारी थी। इसी दौरान बारातियों के नाश्ते और चाय के लिए डिस्पोजल प्लेट और गिलास कम पड़ गए। परिजनों ने बताया कि सामान लाने के लिए दुल्हन का छोटा भाई भीम बाइक से गांव की दुकान गया था। लौटते समय खेतों के पास उसकी बाइक अचानक सामने आई भैंस से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर नहीं मिले घटना के बाद परिजन उसे तत्काल लवकुशनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। परिवार का आरोप है कि उस समय अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। करीब एक घंटे तक केवल प्राथमिक उपचार ही मिल सका। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी एंबुलेंस से करीब 65 किमी दूर छतरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चार बहनों का इकलौता भाई था भीम परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई था। परिवार की एक बड़ी बेटी का पहले ही निधन हो चुका है। हाल ही में उसने कक्षा 10वीं की परीक्षा पास की थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था। खबर मिलते ही शादी की रस्में रोकी गईं हादसे की खबर मिलते ही शादी की रस्में रोक दी गईं। जिस घर में रातभर शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां कुछ ही घंटों बाद सन्नाटा पसर गया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का कहना है कि समय पर बेहतर इलाज और एंबुलेंस सुविधा मिलती तो शायद भीम की जान बचाई जा सकती थी।
