रतलाम के डीडी नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात आवारा मवेशी पकड़ने गई नगर निगम की टीम पर हमला हो गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) बजरंग दल के जिला मंत्री गौरव शर्मा ने टीम को रोककर गाली-गलौज की और उप स्वच्छता पर्यवेक्षक (निरीक्षक) विराट मेहरा को थप्पड़ मार दिए। आरोपी ने निगम के वाहन में बंद 2 गायों और 3 सांडों को भी जबरन छुड़ा लिया। घटना के विरोध में मंगलवार सुबह निगम कर्मचारियों ने शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप कर दी और थाने का घेराव कर दिया। मारपीट की घटना के बाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और वार्ड प्रभारियों में भारी आक्रोश है। मंगलवार सुबह कर्मचारियों ने अपने कचरा वाहनों को डीडी नगर थाने के सामने ले जाकर खड़ा कर दिया और जमकर हंगामा किया। इसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। कर्मचारियों ने बताया कि विवाद और मारपीट के दौरान दो पुलिस जवान भी वहां मौजूद थे, लेकिन उन्होंने न तो बीच-बचाव किया और न ही आरोपी को रोकने की कोई कोशिश की। देखिए देर रात हुए घटनाक्रम की तस्वीरें… मेडिकल के बाद एफआईआर दर्ज, काम बंद करने की चेतावनी
उप स्वच्छता पर्यवेक्षक विराट मेहरा रात में ही प्राथमिक इलाज कराने के बाद सुबह 4 बजे से थाने पर डटे रहे। पुलिस ने सुबह 10 बजे के बाद उनका मेडिकल कराया। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निगम प्रशासन उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं लेता है, तो वे मवेशी पकड़ने का काम नहीं करेंगे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। देर रात टीम को रोका, झूमाझटकी कर छुड़ाए मवेशी
पशु वाहन इंचार्ज विराट मेहरा के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे उनकी टीम 5 मवेशियों को पकड़कर हनुमान मंदिर के पास से गुजर रही थी। तभी गौरव शर्मा ने आकर रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी चरणसिंह ने बताया कि टीम के अन्य सदस्यों (राधेश्याम, अयुब, याकुब, साकिर, गोलू, निर्मल) के साथ भी आरोपी ने झूमाझटकी की। कर्मचारियों का कहना है कि आरोपी 6 महीने पहले भी इसी तरह का विवाद कर चुका है। जिम्मेदारों के तर्क और पुलिस की कार्रवाई
स्वच्छता प्रभारी राजेंद्र सिंह पंवार: “शिकायत मिलने पर हमारी टीम ने सांड और गायों को पकड़ा था। गौरव शर्मा ने शराब के नशे में आकर टीम के साथ मारपीट व गाली-गलौज की और मवेशी उतार लिए। अगर हमें सुरक्षा नहीं मिलेगी तो कल कोई भी मार देगा। हमने एफआईआर दर्ज करा दी है।” विहिप-बजंरग दल जिला मंत्री गौरव शर्मा ने बताया कि, निगम की टीम गायों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जा रही थी, जिसमें एक गाय गर्भवती थी। गर्भवती गायों को पकड़ने का कोई नियम नहीं है। ये लोग रात को मवेशी पकड़कर सुबह पशुपालकों से पैसे लेकर छोड़ देते हैं। कर्मचारियों के पास रात में मवेशी पकड़ने का कोई आदेश भी नहीं था। वहीं डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव का कहना है कि, निगम टीम के साथ मारपीट के मामले में एक नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और जातिसूचक एक्ट में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। देखिए आज सुबह की तस्वीरें…
