कई एकड़ में फैला सरकारी बंगला, 21 साल की IAS की नौकरी छोड़कर 3 BHK फ्लैट में शिफ्ट होना। पूर्व IAS अधिकारी समान शेखर ने यह फैसला सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए लिया है। वे 15 नवंबर से प्रदेश में ‘समान शिक्षा जनयात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं। आईएएस से इस्तीफा देने के बाद उन्हें वर्ल्ड बैंक से भी ऑफर मिला था। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने नौकरी छोड़ने की वजह, यात्रा के उद्देश्य और स्कूली शिक्षा में जरूरी बदलावों पर बात की। ‘शिक्षक सिर्फ पढ़ाएं, गैर-शैक्षणिक कामों के लिए अलग स्टाफ हो’ समान शेखर के मुताबिक, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कामों से मुक्त किए बिना शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव नहीं है। उन्होंने कहा, “लोगों से संवाद के दौरान सामने आया है कि शिक्षकों पर गैर-शैक्षणिक कामों का काफी बोझ है। भोपाल पहुंचने पर हम सरकार के सामने ‘समान शिक्षा जनसंकल्प’ रखेंगे। प्राइवेट और सरकारी स्कूलों के बीच शिक्षा की खाई पर सवाल पूर्व IAS ने देश की दोहरी शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एक तरफ महंगे प्राइवेट स्कूल हैं, जो बेहतर सुविधाओं और शिक्षा का दावा करते हैं। दूसरी तरफ सरकारी स्कूल हैं, जहां गरीब और वंचित परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पातीं। ‘समान शिक्षा’ की अवधारणा इसी असमानता को खत्म करने के लिए है। बजट बढ़ाने के साथ बेहतर प्लानिंग और जवाबदेही भी जरूरी 21 साल के प्रशासनिक अनुभव का हवाला देते हुए समान शेखर ने कहा, “सिर्फ बजट बढ़ाने से शिक्षा व्यवस्था नहीं सुधरेगी। इसके साथ बेहतर योजना बनाना और शिक्षकों, अभिभावकों तथा स्थानीय समुदाय में जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी जरूरी है। ‘दो साल की कलेक्टरी में शिक्षा व्यवस्था में स्थायी बदलाव संभव नहीं’ यह पूछने पर कि IAS रहते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं किया, समान शेखर ने कहा, “मैं छह जिलों में करीब 10 साल कलेक्टर रहा। एक जिले में कलेक्टर का कार्यकाल दो से ढाई साल होता है। इतने कम समय में पूरी शिक्षा व्यवस्था में स्थायी बदलाव लाना मुश्किल है। इसके लिए लगातार काम और जमीनी स्तर पर प्रयास जरूरी हैं। मुझे लगा कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए यह संभव नहीं होगा। इसलिए मैंने समाज के बीच जाकर काम करने का फैसला किया।” सरकारी बंगला छोड़ 3 BHK फ्लैट में आए, परिवार भी फैसले को लेकर चिंतित था नौकरी छोड़ने के फैसले पर परिवार की प्रतिक्रिया बताते हुए उन्होंने कहा, “परिवार में किसी ने भी तुरंत नौकरी छोड़ने के फैसले का समर्थन नहीं किया। सभी को स्वाभाविक चिंताएं थीं। लेकिन यह भावुकता में लिया गया फैसला नहीं था। मैं लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहा था।” बालाघाट से भोपाल तक 10 दिन चलेगी समान शिक्षा जनयात्रा ‘समान शिक्षा जनयात्रा’ 15 नवंबर को प्रदेश के दक्षिणी आदिवासी अंचल बालाघाट से शुरू होगी। छिंदवाड़ा, बैतूल और नर्मदापुरम से गुजरते हुए यह 25 नवंबर को भोपाल पहुंचेगी। भोपाल में यात्रा के दौरान मिले अनुभवों के आधार पर ‘समान शिक्षा जनसंकल्प’ तैयार किया जाएगा। इसमें अगले पांच से सात साल के लिए शिक्षा सुधार का रोडमैप होगा। इसे नीतिगत बदलावों के लिए सरकार को सौंपा जाएगा।
