दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में मंगलवार को हाथठेले का किराया मांगने पर एक फल विक्रेता ने ठेला मालिक की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह वारदात बस स्टैंड के पास रात करीब 9 बजे हुई, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। इस घटना से गुस्साए लोगों और घरवालों ने दमोह-जबलपुर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान वार्ड 5 के रहने वाले 25 वर्षीय अतुल अहिरवार (पुत्र वीरनलाल अहिरवार) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, तेंदूखेड़ा में हर मंगलवार को साप्ताहिक हाट बाजार लगता है, जिसमें दमोह, जबलपुर और आसपास के इलाकों से कई व्यापारी फल बेचने आते हैं। अतुल ने मंगलवार को बाजार के लिए अपना हाथठेला बाहर से आए एक फल विक्रेता को किराए पर दिया था। रात करीब 9 बजे जब अतुल अपने ठेले का किराया लेने पहुंचा, तो आरोपी दुकानदार ने ₹50 फेंककर दिए। अतुल ने इस बात पर आपत्ति जताई और पैसे हाथ में देने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। सीने में सीधे दिल पर मारा चाकू विवाद इतना बढ़ गया कि फल विक्रेता ने फल काटने वाले तेज धारदार चाकू से अतुल के सीने पर बाईं तरफ सीधा वार कर दिया। चाकू सीधे दिल में जा लगा, जिससे अतुल वहीं लहूलुहान होकर बेहोश गिर पड़ा। आस-पास के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक अतुल की महज दो महीने पहले ही शादी हुई थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुस्से में लोगों ने पलटे ठेले, हाईवे पर लगाया लंबा जाम हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और समाज के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने बस स्टैंड के सामने दमोह-जबलपुर हाईवे पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भीड़ का गुस्सा बाहर से आए अन्य फल विक्रेताओं पर भी फूटा; लोगों ने उनके फल सड़क पर फेंक दिए और हाथठेलों को पलट दिया। चक्का जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, कई संदेही हिरासत में घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। चूंकि हमलावर दमोह के रहने वाले बताए जा रहे हैं और हफ्ते में सिर्फ एक ही दिन दुकान लगाने आते थे, इसलिए स्थानीय लोग उन्हें नाम से नहीं जानते। पुलिस ने हाट बाजार के कई अन्य फल विक्रेताओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा और बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
