गुना के फतेहगढ़ इलाके में पंचायत सचिव के घर डकैती का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से लगभग 985 ग्राम सोना बरामद किया है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी हुई है। बता दें कि घटना 3 अगस्त की है। फतेहगढ़ इलाके के चिरौली गांव के रहने वाले पवन मीना जो पंचायत सचिव हैं, घटना वाले दिन उनके घर पर माता, पीट और छोटा भाई ही था। उनके अनुसार रोजाना की तरह सभी लोग रात में अपने अपने कमरे में सो गए थे। उनके पिता बाबूलाल मीना रात 2:30 बजे उठे, तब तक सब ठीक था। इसके बाद वे वापस सो गए। रात 2:30 से 4 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने उनके यहां डकैती कर डाली। सुबह जब 4:30 बजे उठे, तो परिवार वाले कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। जैसे तैसे उसे खुलवाया और देखा तो बाकी कमरों से सामान गया था। एक किलो सोना, नकदी ले गए थे
उन्होंने बताया कि बदमाश घर से बहुओं का एक किलो सोना, छह किलो चांदी, दस लाख रुपए नकद और बाइक चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। SP हितिका वासल ने कई टीमों का गठन कर जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में पुलिस टीमें बदमाशों की पहचान करने में लग गईं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली गई। जांच में यह सामने आया कि पारदी बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों की पहचान हो जाने के बाद पुलिस उनकी तलाश में लग गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी थी। वहीं दूसरी ओर प्रशासन की टीम ने कनेरा गांव में आरोपियों के अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए। गुरुवार को प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवा दिया। ये आरोपी पकड़ाए SP हितिका वासल ने बताया कि फिंगर प्रिंट टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही पूछताछ, मुखबिर तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के जरिए पुलिस टीमों ने सुराग जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। गुना, शिवपुरी, विदिशा, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, भोपाल, इंदौर, शाजापुर, देवास, श्योपुर सहित राजस्थान के बारां, कोटा, झालावाड़, छबड़ा, करौली जैसे इलाकों में लगातार दबिशें दी गईं। शनिवार को पुलिस ने ग्राम कनेरा, थाना धरनावदा निवासी राजू पिता कवरया पारदी (35) और गजानंद पिता देवला पारदी (48) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
करीब डेढ़ करोड़ का सोना बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 985.15 ग्राम वजनी सोने के जेवरात, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ सैंतालीस लाख सतहत्तर हजार दो सौ पचास रुपए आंकी गई है, बरामद कर लिए। बाकी फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
