तलावड़ी गांव में 28 साल बाद आया रेगुलर टीचर तो 16 गुना बढ़े बच्चे तलावड़ी गांव के सरकारी प्राथमिक स्कूल में अब रोज हाजिरी बोली जाती है तो 30 से ज्यादा बच्चे “प्रजेंट सर” कहते हैं। सितंबर से पहले यहां नियमित रूप से सिर्फ दो बच्चे आते थे। स्कूल का अपना भवन पढ़ाई लायक नहीं बचा है। इसलिए कक्षाएं एक ग्रामीण के ओटले पर, लकड़ी और छप्पर की छत के नीचे लगती हैं। जरूरत पड़ने पर कभी गांव का चबूतरा तो कभी कोई सार्वजनिक स्थान ही स्कूल बन जाता है। स्कूल के रिकॉर्ड में अभी 38 बच्चे दर्ज हैं। यह बदलाव किसी नई इमारत या सुविधा से नहीं, एक शिक्षक के आने से आया है। 28 साल बाद इस स्कूल को नियमित शिक्षक मिला। एक सितंबर को धर्मेंद्र चौहान की पोस्टिंग हुई। उससे पहले स्कूल दो अतिथि शिक्षकों के भरोसे चल रहा था। चौहान ने कक्षा में पढ़ाने तक सीमित नहीं रखा। दिन में वे बच्चों को पढ़ाते हैं और रात में अभिभावकों की चौपाल लगाकर समझाते हैं कि पढ़ाई क्यों जरूरी है। छप्पर से मंदिर तक, जगह ग्रामीणों से पूछकर तय हुई
स्कूल का पुराना भवन साल 1997 में बना था। अब उसकी हालत इतनी खराब है कि उसमें कक्षा लगाना संभव नहीं। इसलिए पढ़ाई गांव के एक ग्रामीण के ओटले पर कराई जा रही है। जिस जगह कक्षा लगती थी, वहां अगर बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती या अभिभावकों को असुविधा होती, तो शिक्षक उनसे चर्चा करके जगह बदल देते थे। इसी वजह से कक्षा कभी चबूतरे, कभी मंदिर तो कभी खुले स्थान पर भी लगी। ग्रामीणों की सहमति से जगह तय करने का असर उपस्थिति पर भी दिखा।
