दिल्ली में बीकानेर हाउस ने प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान की हालिया दिल्ली प्रदर्शनों वाली कई फोटो प्रदर्शनी में से हटा दी हैं। यह कदम उनकी प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले उठाया गया। रेहान की सोलो एग्जिबिशन का नाम ‘नो आइडिया इज फाइनल’ है। इसका प्रीव्यू बुधवार को हुआ और यह गुरुवार से दर्शकों के लिए खुलेगी। इसमें पहले 100 से ज्यादा तस्वीरें थीं, लेकिन अब करीब 40 बची हैं। रेहान की खींची हुई 70 से ज्यादा फोटो हटाई गईं हैं। इस पर रेहान ने कहा कि राजनीतिक माहौल का हवाला देकर फोटो हटाई गई हैं। लेकिन वह तिरंगे के फोटो नहीं हटाएंगे। वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि अब लोकतंत्र नहीं रह गया है। आज देश में युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। रेहान बोले- प्रदर्शनी का लेआउट मैनेजमेंट को पहले ही बताया था उन्होंने बुधवार को बताया कि उन्हें दोपहर 3:30 बजे कहा गया था कि शाम 5 बजे तक फोटो नहीं हटाईं तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी। रेहान के मुताबिक, प्रशासन ने मौजूदा राजनीतिक माहौल का हवाला देकर प्रदर्शनों से जुड़ी तस्वीरों पर आपत्ति जताई। जबकि प्रदर्शनी का प्रस्ताव और लेआउट पहले ही प्रबंधन को दिया गया था। रेहान ने कहा- तस्वीरें पिछले 6 महीनों के प्रदर्शनों का दस्तावेज थीं और उनमें कोई राजनीतिक संदेश नहीं था। कलाकारों के काम को सेंसर किया जा रहा है। मुझे नहीं पता कि वे किससे डरे हुए हैं और तिरंगा की फोटो तक हटाने की हद तक चले गए। लेकिन मैं तिरंगे के फोटो नहीं हटाऊंगा। प्रदर्शनी रविवार तक तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी। प्रियंका बोलीं- आज उसकी, कल किसी और की बारी रेहान की मां प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस कदम को हास्यास्पद बताया। उन्होंने इसे देशभर के युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कहा। प्रियंका ने कहा- उसकी तस्वीरें प्रदर्शनों की थीं। उनमें कोई टिप्पणी नहीं थी। किसी के खिलाफ अपमानजनक बात नहीं थी। वे केवल प्रदर्शन का दृश्य दस्तावेज थीं। इससे साफ है कि वे इसी तरह सोचते हैं। अब यह लोकतंत्र नहीं रहा। आज उसकी बारी है, कल किसी और कलाकार की बारी होगी।
