मप्र की सदियों पुरानी ऐतिहासिक और धार्मिक संपदाएं अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय मूर्ति तस्करों के निशाने पर हैं। 1960 के दशक से लेकर अब तक देशभर के केंद्रीय संरक्षित स्मारकों से चोरी हुई कुल 488 पुरातात्विक धरोहरों में से 319 कलाकृतियां मप्र से गायब हुई हैं। पूरे देश में दर्ज कुल चोरियों का 65% हिस्सा अकेले मप्र का है। यह खुलासा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से राज्य पुरातत्व विभाग को सौंपे आंकड़ों से हुआ है। शेष | पेज 9 पर ग्वालियर में चोरी के सबसे अधिक सात मामले ग्वालियर संभाग: चोरी के सबसे ज्यादा 7 मामले दर्ज हुए। एक भी पुरासंपदा रिकवर नहीं। 3.5 टन की तोप, अष्टभुजी देवी प्रतिमा अब भी गायब है।
जबलपुर संभाग: यहां दर्ज 6 मामलों में से सिर्फ 2 की बरामदगी हुई। धुबेला व रीवा की 4 प्रतिमाएं अब भी लापता।
भोपाल संभाग: 3 सितंबर 2024 को श्यामला हिल्स के राज्य संग्रहालय में चोर घुसा था, जिसे मौके पर धरदबोचा।
इंदौर संभाग: 3 केस दर्ज। इनमें से मंदसौर से 10वीं सदी की वराह प्रतिमा रिकवर हुई। नीमच के बरखेड़ा से चोरी नटराज व चामुंडा प्रतिमाएं नहीं मिली। तस्करों के अनूठे हथकंडे…
प्राचीन मूर्तियों पर नया पेंट, रासायनिक लेप या प्लास्टर चढ़ा दिया जाता है, जिससे वे नई और साधारण हैंडीक्राफ्ट जैसी दिखें।
कंटेनरों या औद्योगिक मशीनों के खाली हिस्सों में प्राचीन मूर्तियों को रखकर वेल्ड कर दिया जाता है।
पाषाण स्तंभों को आरी से काटकर अलग कर विदेशों में भेजते हैं। एएसआई की ओर से 13 नवंबर को स्टेट आर्कियोलॉजी को यह पूरा डेटा और विस्तृत रिकॉर्ड भेजा गया है। उनके ही निर्देश पर धरोहरों के संरक्षण व जागरूकता के लिए प्रदेशभर में 7 दिवसीय विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है, जो 20 नवंबर तक चलेगी। – नम्रता यादव, संग्रहाध्यक्ष , राज्य संग्रहालय, श्यामला हिल्स
