मध्यप्रदेश के देवास में पेट दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल लाई गई 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा ने बेटे को जन्म दिया। जांच के दौरान डॉक्टरों को उसके गर्भवती होने का पता चला। छात्रा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। घटना सोमवार की है। परिजन छात्रा को पेट दर्द होने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकीय जांच के बाद गर्भावस्था की पुष्टि हुई और निगरानी में प्रसव कराया गया। मां बोलीं- देवास के स्कूल में पढ़ती है छात्रा की मां ने बताया कि परिवार को गर्भावस्था की कोई जानकारी नहीं थी। बेटी की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूरी स्थिति बताई। उन्होंने बताया कि बेटी देवास स्थित स्कूल में पढ़ती है। वह रोज स्कूल आती-जाती थी। इसके अलावा उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। पिता ने भी कहा कि उन्हें पहले कभी ऐसी आशंका नहीं हुई थी। अचानक पेट दर्द की शिकायत के बाद वे उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। कुछ दिन से स्कूल नहीं जा रही थी परिजनों ने बताया कि छात्रा पिछले कुछ दिनों से स्कूल नहीं जा रही थी। अस्पताल में जांच के दौरान गर्भावस्था की जानकारी मिलने पर परिवार भी हैरान रह गया। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और छात्रा व परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने दर्ज की मामले में FIR कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। छात्रा के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए जांच संवेदनशीलता के साथ की जा रही है।
