छिंदवाड़ा में रेत माफिया की दबंगई का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह जब्त की हुई रेत को ट्रैक्टर में भरकर ले जाते दिख रहा है। आरोप है कि जब पूर्व सरपंच उसे रोकती है तो वह उसी के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश करता है। पूर्व सरपंच की शिकायत और वीडियाे सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। दरअसल छिंदवाड़ा के चांद क्षेत्र में ग्राम पंचायत के उपसरपंच रामनाथ सोलंकी पर आरोप हैं। उन्होंने एक ट्रैक्टर पूर्व सरपंच रीना पहाड़े पर चढ़ाने का प्रयास किया। ये तस्वीर देखिए… अब जानिए पूरा मामला खनिज विभाग ने जब्त की थी करीब 285 घनमीटर रेत
रीना पहाड़े के अनुसार, मेहरा देव टेकड़ी मोहल्ला में जुलाई 2025 में खनिज विभाग ने करीब 285 घनमीटर अवैध रेत का भंडारण जब्त किया था। इसे तत्कालीन सरपंच रीना पहाड़े और ग्राम पंचायत की सुपुर्दगी में रखा गया था। पूर्व सरपंच का आरोप है कि पिछले कुछ समय से इस जब्त रेत को रात करीब 3 बजे से सुबह 6 बजे के बीच ट्रैक्टरों के जरिए कथित तौर पर उठाया जा रहा था। रविवार को भी ट्रैक्टर से रेत ले जाने का प्रयास किया गया। रीना पहाड़े ने इसका विरोध करते हुए ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी। शिकायत के बाद मौके पर पहुंचा खनिज अमला
पूर्व सरपंच की शिकायत पर जिला खनिज अधिकारी अमित मिश्रा अमले के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रॉली को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में थाने में खड़ा कराया गया। रीना ने पंचायत के उपसरपंच रामनाथ सोलंकी पर भी जब्त रेत को बिना विभागीय अनुमति उठाए जाने के पीछे संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और जब्त रेत की सुरक्षा एवं उसके उठाव की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। रीना पहाड़े की शिकायत के बाद अब पुलिस भी पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस वीडियो फुटेज, शिकायत और मौके से जुड़े तथ्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है। वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की भूमिका और ट्रैक्टर चढ़ाने के प्रयास के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
