शाजापुर शहर के शरद नगर में रविवार दोपहर पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे की मां उषा दुबे (90) की गोली लगने से मौत हो गई। दीपावली की तैयारियों के लिए छोटे बेटे विजय दुबे के घर पहुंची थीं। इसी दौरान उनके दाहिने कंधे के पास गोली लग गई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। गोली किन परिस्थितियों में चली, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। दीपावली की तैयारी के लिए छोटे बेटे के घर पहुंची थीं जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग बड़े बेटे विवेक दुबे के साथ रहती थीं। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वे दीपावली की तैयारियां करवाने के लिए छोटे बेटे विजय दुबे के घर पहुंची थीं। दोनों भाइयों के घर आसपास ही हैं। छोटे बेटे के घर पर ही उनके दाहिने कंधे के पास गोली लगी। गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कमरे को सील कर फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी कीर्ति बघेल लालघाटी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जिस कमरे में बुजुर्ग को गोली लगी थी, उसे सील कर दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में गोली चलने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पति पुलिस अधिकारी थे, दोनों बेटे शासकीय सेवा में बताया गया है कि बुजुर्ग के पति शरद दुबे पुलिस अधिकारी रह चुके हैं। उनके दो बेटे विवेक दुबे और विजय दुबे हैं। बड़े बेटे विवेक दुबे हाल ही में जिला शिक्षा अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि छोटे बेटे विजय भी शासकीय सेवा में हैं। घटना की खबर फैलते ही शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि लालघाटी थाना क्षेत्र के शरद नगर में गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई। उषा दुबे की गोली लगने से मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल मौत के कारणों और गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
