ग्वालियर में पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया की जयंती के अवसर पर मंगलवार (10 मार्च) को शहर में विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल और बाल खांडे ने बताया कि शाम 5 बजे छत्री परिसर में भजन संध्या होगी। इसमें ग्वालियर के प्रसिद्ध भजन गायक राजेंद्र पारिख और भजन गायिका शिल्पी कालविंद भजन प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि देंगे। पुष्पांजलि कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आने का भी प्रस्ताव है, हालांकि उनका कार्यक्रम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। मंगलवार सुबह 9 बजे नदी गेट स्थित स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के नागरिक पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होंगे। जयंती के अवसर पर कई सामाजिक गतिविधियां भी की जाएंगी। सिंधिया समर्थक पार्षद मोहित जाट द्वारा 11 कन्याओं का निःशुल्क विवाह कराया जाएगा। प्रतिभावान छात्रों को दिए जाएंगे मेडल जयंती के अवसर पर एमआईटीएस में प्रतिभावान छात्रों को मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही जरूरतमंदों को भोजन वितरण, गायों को हरा चारा खिलाने और रक्तदान शिविर का आयोजन भी होगा। सिंधिया मूर्ति चौराहा पर होगा कवि सम्मेलन कार्यक्रमों की श्रृंखला में शाम 6 बजे सिंधिया चौराहा स्थित शताब्दीपुरम में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें विभिन्न शहरों के कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रमों में शामिल होकर स्व. माधवराव सिंधिया को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।
