बुधवार रात करोंद चौराहे पर दुर्घटना करने वाले ट्रक में भरी 96 लाख रुपए की 1075 पेटी (9700 ली.)अंग्रेजी शराब पुलिस ने जब्त कर ली है। पुलिस का दावा है कि नशे में धुत चालक शराब के कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पीछा कर ट्रक पकड़ा। इधर, शराब की वैधता को लेकर पुलिस और आबकारी आमने-सामने हैं। आबकारी विभाग का दावा है कि शराब ऑनलाइन परमिट पर ले जाई जा रही थी और पूरी तरह वैध है। पुलिस ऑनलाइन रिकॉर्ड जांच सकती है। बुधवार रात निशातपुरा पुलिस को गांधी नगर से करोंद की ओर तेज रफ्तार ट्रक जाने की सूचना मिली। करोंद चौराहे पर रोकने पर चालक ने रफ्तार बढ़ाई और आधार अस्पताल के पास कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने पीपुल्स मॉल के पास ट्रक रोककर मंडीदीप निवासी रामकिशन बमोनिया को गिरफ्तार किया। पुलिस को 16 नवंबर की टीपी मिली, जो उसी रात 10 बजे तक वैध थी। ट्रक रायसेन की सोम डिस्टलरीज से गांधी नगर वेयरहाउस पहुंचा, लेकिन शराब नहीं उतरी। पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को चालक ट्रक लेकर निकला पर गंतव्य स्पष्ट नहीं था। अधिकारी बोले- दो ड्राइवरों के बीच झगड़ा, पुलिस के आने के डर से भागा था चालक आबकारी- ऑनलाइन टोकन मिला था, ट्रक खाली होने का इंतजार कर रहा था सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के अनुसार, वेयरहाउस पहुंचने पर ट्रक का ऑनलाइन टोकन जनरेट हुआ था। यहां शराब की शॉर्टेज के आधार पर ट्रक खाली कराए जाते हैं। चालक अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। कई बार इसमें पांच-छह दिन लग जाते हैं। कंपनी ने पुलिस को ऑनलाइन परमिट की जानकारी दी थी। शराब पूरी ड्यूटी चुकाकर आई थी। पुलिस का तर्क- वेयरहाउस से निकला ट्रक दो दिन कहां रहा, जांच की जाएगी आबकारी के मुताबिक वेयरहाउस में दो ड्राइवरों में विवाद के दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। इससे डरकर चालक ट्रक लेकर निकल गया। डीसीपी जोन-4 आदर्श कांत शुक्ला का कहना है कि जांच की जा रही है कि 16 नवंबर की टीपी पर निकला ट्रक दो दिन तक कहां रहा और यदि वेयरहाउस से निकल गया तो कंपनी ने चोरी की सूचना क्यों नहीं दी। कंपनी का दावा- वैध अनुमति से भेजी थी 1100 पेटी शराब… सोम डिस्टिलरीज के प्रतिनिधि नवीन शुक्ला ने दावा किया कि पुलिस द्वारा जब्त 1100 पेटी शराब वैध परमिट पर भेजी गई थी। जीपीएस रिकॉर्ड के मुताबिक ट्रक 16 नवंबर को रात 9:21 बजे शासकीय भंडारगृह पहुंचा था। अनलोडिंग टोकन भी जारी हुआ। दो दिन बाद चालक हंगामा कर ट्रक लेकर निकला। कंपनी ने दस्तावेजों के सत्यापन, निष्पक्ष जांच और शराब मुक्त करने की मांग की है।
