बड़े तालाब के एफटीएल के 50 मीटर दायरे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सोमवार से फिर शुरू हुई। 37 दिन बाद प्रशासन ने भदभदा के पास प्रेमपुरा इलाके में बुलडोजर चलाकर मस्जिद से सटी जमीन पर बनी 9 दुकानें और 2 मकान तोड़ दिए। कार्रवाई करीब 3 घंटे चली और मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। दो दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन अफसरों ने सुनवाई के बाद कार्रवाई होने की बात कहकर अतिक्रमण हटाया। सेवनिया गौंड, गौरा गांव और बिसनखेड़ी में सबसे ज्यादा कब्जे सामने आए हैं। प्रशासन ने बिना अनुमति निर्माण खुद हटाने की चेतावनी दी है। वहीं, टीटी नगर सर्कल में निजी जमीन पर बने 92 निर्माणों-होटल, रिसोर्ट, फार्महाउस, मकान और दुकान की अलग से जांच जारी है। नोटिस देकर संबंधित लोगों से दस्तावेज मांगे गए हैं। सेवनिया गौंड और बिसनखेड़ी में सबसे ज्यादा कब्जे, टीटी नगर सर्कल में 116 अतिक्रमण चिह्नित 3 घंटे में हटाए कब्जे, 3 करोड़ से ज्यादा कीमत प्रेमपुरा में हटाई गई दुकानों और मकानों की जमीन की कीमत कलेक्टर गाइडलाइन के मुताबिक 2788 रुपए प्रति वर्ग फीट के हिसाब से 3 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई है। 72 घंटे में दुकानों को खाली कराया गया था, इसके बाद सोमवार सुबह एसडीएम अर्चना शर्मा और तहसीलदार कुणाल राऊत टीम के साथ कार्रवाई शुरू की। टीटी नगर सर्कल में एफटीएल क्षेत्र में 116 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। इनमें 68 सरकारी और 48 निजी जमीन पर बने हैं। निजी जमीन पर बने 92 निर्माण-होटल, रिसोर्ट, फार्महाउस, मकान और दुकान की अलग से जांच चल रही है। नगर निगम ने इन्हें नोटिस देकर दस्तावेज मांगे हैं। पहले नोटिस, फिर कार्रवाई… अतिक्रमण चिह्नित करने के बाद संबंधित को नोटिस देकर दस्तावेज मांगे गए और सुनवाई की गई। जिन मामलों में अतिक्रमण पाया गया, वहां कार्रवाई की गई। बुजुर्ग दंपति को राहत… भदभदा चौराहे पर कार्रवाई के दौरान टीम एक कमरे तक पहुंची, जहां चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग दंपति रह रहे थे। उन्हें देख एसडीएम टीटी नगर अर्चना शर्मा ने कमरा नहीं तोड़ने के निर्देश दिए और अधिकारियों को देखभाल के लिए कहा।
