Homeमध्यप्रदेश'पार्टनर होना अपराध साबित करने के लिए काफी नहीं':देवास पटाखा फैक्ट्री मामले...

‘पार्टनर होना अपराध साबित करने के लिए काफी नहीं’:देवास पटाखा फैक्ट्री मामले में इंदौर HC का बड़ा फैसला; 12 मौतों के 2 आरोपियों को जमानत

देवास की अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने दो आरोपियों को जमानत दे दी है। हादसे में 12 मजदूरों की मौत हुई थी, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति का फैक्ट्री में मालिक, फाइनेंसर, मैनेजर या पार्टनर होना अपने आप में उसकी आपराधिक जिम्मेदारी तय करने के लिए पर्याप्त नहीं है। अभियोजन को यह साबित करना होगा कि संबंधित व्यक्ति की अपराध में क्या व्यक्तिगत भूमिका थी और उसने कौन-सा आपराधिक कृत्य किया। जस्टिस आलोक अवस्थी ने आरोपी मुकेश विज और अनिल मालवीय की ओर से पेश अपील स्वीकार करते हुए जिला कोर्ट के जमानत खारिज करने वाले आदेश को निरस्त कर दिया। दोनों आरोपी 17 मई 2026 से जेल में बंद थे। 14 मई को हुआ था भीषण विस्फोट देवास जिले में 14 मई 2026 को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। हादसे में 12 मजदूरों की जान चली गई थी और 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। जांच में फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने, जरूरी एनओसी और लाइसेंस संबंधी शर्तों का पालन नहीं करने तथा निर्धारित सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री रखने की बात सामने आई थी। किसकी क्या थी भूमिका? जांच में मुकेश विज पर फैक्ट्री के वित्तीय नियंत्रण और साझेदारी की भूमिका होने का आरोप था, जबकि अनिल मालवीय पर फैक्ट्री के संचालन की जिम्मेदारी होने की बात कही गई थी। सुनवाई के दौरान शासन की ओर से दलील दी गई कि दोनों आरोपियों के वित्तीय लेन-देन और फैक्ट्री में उनकी भूमिका से घटना की जानकारी और साझा मंशा जाहिर होती है। वहीं, बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि हादसे में हुई मौतों के लिए दोनों आरोपियों का कोई विशिष्ट आपराधिक कृत्य सामने नहीं आया है। चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और अब उनकी हिरासत जारी रखने का कोई औचित्य नहीं है। हादसा गंभीर, लेकिन आरोपों के आधार पर लंबी हिरासत उचित नहीं हाईकोर्ट ने हादसे को गंभीर और दुखद बताते हुए कहा कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो इस घटना को टाला जा सकता था। हालांकि, केवल आरोपों की गंभीरता के आधार पर किसी व्यक्ति को लंबे समय तक हिरासत में रखना उचित नहीं है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि जमानत मिलने का अर्थ पटाखा निर्माण या भंडारण की गतिविधियां दोबारा शुरू करने की अनुमति नहीं है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here