पानी की लाइन में लीकेज या सीवर जाम होने पर खराबी खोजने के लिए सड़क के बड़े हिस्से की खुदाई से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्वालियर सहित प्रदेश के शहरों में अब रोबोटिक क्रॉलर और कैमरों से पाइपलाइनों का निरीक्षण कराया जा सकेगा। पाइप के भीतर रोबोट वीडियो रिकॉर्डिंग और निरीक्षण डेटा जुटाएंगे। इससे खराब हिस्से की पहचान होगी। इससे मरम्मत के लिए खुदाई सीमित रखने में मदद मिलेगी। सड़क पर कम हिस्से में काम होने से ट्रैफिक और धूल की परेशानी भी घटेगी। संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास ने इस काम के लिए परमा-लाइनर इंडस्ट्रीज (इंडिया) को पैनल में शामिल किया है। कंपनी 70 से 900 मिमी व्यास की पानी और सीवर लाइनों का निरीक्षण करेगी। इसके लिए ₹40 प्रति मीटर की दर मंजूर की गई है। प्रमुख अभियंता प्रदीप एस. मिश्रा ने प्रदेश के सभी नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। एजेंसी को निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन और काम की गुणवत्ता, समयबद्धता की नियमित निगरानी रिपोर्ट संचालनालय को भेजनी होगी। ऐसे जांचेंगे… सीवर में मैनहोल, लाइन में वाल्व से रोबोट की होगी एंट्री सीवर लाइन: मौजूदा मैनहोल या अस्थायी प्रवेश बिंदुओं से रोबोटिक क्रॉलर पाइप के भीतर भेजे जाएंगे।
पेयजल लाइन: एयर रिलीज वाल्व या अस्थायी प्रवेश बिंदुओं के जरिए रोबोटिक सिस्टम का संचालन होगा।
भीतर की तस्वीर: कैमरे पाइप के अंदर की स्थिति रिकॉर्ड करेंगे। वीडियो और निरीक्षण डेटा के आधार पर खराबी वाले हिस्सों को चिह्नित कर निकायों को रिपोर्ट दी जाएगी। तीन कैटेगरी में कमियां निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों को तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा
माइनर : हल्की गंदगी या गाद जमा होना।
मेजर : लीकेज, पाइप का मुड़ना या जोड़ों का खिसकना।
क्रिटिकल : पाइपलाइन का टूटना, गंभीर रिसाव या अवैध नल कनेक्शन। शहर को 3 राहत: कम खुदाई, कम जाम, समस्या का जल्द समाधान खराबी के लिए लंबी सड़क नहीं खोदनी पड़ेगी: पाइप के भीतर खराब हिस्से का पता लगने से जांच के लिए जगह-जगह खुदाई की जरूरत घटेगी। मरम्मत के दौरान भी जरूरत के अनुसार सीमित हिस्से में काम किया जा सकेगा। ट्रैफिक और धूल की परेशानी घटेगी: कम हिस्से में खुदाई और बैरिकेडिंग होने से लंबे रास्ते बंद करने या यातायात डायवर्ट करने की जरूरत कम हो सकेगी। सड़क से निकलने वाले मलबे और धूल में भी कमी आएगी। इससे लोगों को राहत मिलेगी। रिसाव और टूटे पाइप जल्द हो सकेंगे ठीक लीकेज, टूट-फूट और सीवर में रुकावट की पहचान होने पर निकाय मरम्मत करा सकेंगे। समय पर सुधार होने से पानी की बर्बादी और रिसाव से मिट्टी कटने व सड़क धंसने का खतरा कम होगा। टेंडर में तीन कंपनियों ने लिया था हिस्सा वित्तीय निविदा में जहां सोलीनास इंटीग्रिटी ने ₹400 प्रति मीटर और डिजिटल सर्विलांस ने ₹440 प्रति मीटर की दरें प्रस्तुत की थीं। वहीं परमा लाइन ने मात्र ₹40 प्रति मीटर की न्यूनतम दर (L-1) दी। इसके बाद आयुक्त, नगरीय प्रशासन की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय तकनीकी समिति की बैठक में इस न्यूनतम दर को मंजूरी दी गई। इसके आधार पर कंपनी को एलओए जारी किया। एजेंसी को निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और पीपीई किट्स का पालन करना होगा, साथ ही कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता और प्रगति की नियमित निगरानी कर रिपोर्ट संचालनालय को भेजनी होगी। इससे शहरों में पेयजल लीकेज, गंदे पानी की समस्या और सीवर जाम की समय रहते पहचान हो सकेगी। इसका फायदा प्रदेश के प्रमुख शहरों को मिलेगा। कंपनी का कहना: अभी निरीक्षण की जिम्मेदारी, मरम्मत भी कर सकते हैं परमा-लाइनर इंडस्ट्रीज के सत्येंद्र नेगी के मुताबिक, पहियों वाले छोटे क्रॉलर में लगा कैमरा पाइप के भीतर लीकेज, दरार, टूट-फूट की स्थिति दिखाता है। अभी कंपनी को रोबोटिक निरीक्षण की जिम्मेदारी मिली है। नगरीय निकाय चाहें तो कंपनी मरम्मत का काम भी कर सकती है।
