पांढुर्णा शहर के पारडी रोड स्थित आर डी हाईस्कूल कॉम्प्लेक्स में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित एक स्पोर्ट्स दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में ‘महावीर स्पोर्ट्स’ नामक दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि पास की दो अन्य दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। 25 लाख रुपए की खेल सामग्री जली दुकान संचालक सर्वेश पवार ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि संभलने का मौका भी नहीं मिला। दुकान में रखी लगभग 25 लाख रुपए की खेल सामग्री जलकर राख हो गई है। आग की लपटों ने आसपास की दो दुकानों को भी आंशिक रूप से प्रभावित किया, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। दमकल विभाग ने मशक्कत के बाद पाया काबू घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश कीमती सामान जल चुका था। शॉर्ट सर्किट हादसे की आशंका पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पांढुर्णा पुलिस और राजस्व विभाग की टीम अब नुकसान का विस्तृत आकलन कर रही है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता है और उन्होंने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
