मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अपने OSD रहे वीरेंद्र तिवारी के मंत्री बंगले पर आने पर रोक लगा दी है। इसके बाद से तिवारी मंत्री बंगले नहीं जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि तिवारी ने मंत्री के नाम पर लेन-देन किया था। इसका खुलासा होने के बाद मंत्री ने यह कार्रवाई की है। उधर, तिवारी की तीन पत्नियां होने का आरोप भी लगा है। इस संबंध में मिली शिकायत भी मंत्री तक पहुंची थी। उदय प्रताप सिंह मोहन सरकार के दूसरे मंत्री हैं, जिनके OSD को हटाने की कार्रवाई की गई है। इससे पहले डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के OSD और आबकारी अधिकारी दीपम रायचूरा को एक करोड़ रुपए के लेन-देन के आरोप में हटाया जा चुका है। मुख्य नगर पालिक में भी कार्यरत रह चुके हैं वीरेंद्र तिवारी परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह के OSD रहे वीरेंद्र तिवारी मूल रूप से नगरीय विकास एवं आवास विभाग में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2008 तक वे नगरीय विकास विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे। इसके बाद उन्हें नियमित किया गया। वे पूर्व में भी मंत्री स्टाफ में पहुंचने में कामयाब रहे हैं। बताया जाता है कि उदय प्रताप सिंह के मंत्री स्टाफ में पदस्थ करने के लिए 2024 में तिवारी को पहले राज्य औद्योगिक विकास बोर्ड में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था। उन्होंने 15 मार्च 2024 को बोर्ड में अनुभाग अधिकारी के रूप में पदभार संभाला। इसी दिन उन्हें मंत्री का OSD बनाकर मंत्री स्टाफ में अटैच कर दिया गया था। दो महीने पहले पदोन्नति होने के बाद उनकी सेवाएं मूल विभाग में वापस लौटा दी गई थीं, लेकिन सेवाएं वापस होने के बावजूद वे पहले की तरह मंत्री के कामकाज को देख रहे थे। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मंत्री उदय प्रताप सिंह से बात नहीं हो सकी। वीरेंद्र तिवारी से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। मंत्री स्टाफ के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि तिवारी दीपावली के बाद से मंत्री बंगले पर नहीं आ रहे हैं। उनके अवकाश पर होने की बात कही जा रही है। मंत्री तक पहुंची तीन पत्नियां होने की शिकायत इस बीच चर्चा है कि पिछले दिनों खुद को वीरेंद्र तिवारी की पत्नी बताने वाली एक महिला ने भोपाल स्थित मंत्री के शासकीय आवास पहुंचकर अपनी व्यथा मंत्री उदय प्रताप सिंह को सुनाई थी। महिला ने बताया कि उसके अलावा भी दो अन्य महिलाओं से तिवारी के संबंध हैं। इनमें एक भोपाल और दूसरी ग्वालियर में रहती है। उन दोनों महिलाओं के बच्चे भी हैं। महिला ने आरोप लगाया कि अपने रसूख और प्रभाव का इस्तेमाल कर वीरेंद्र तिवारी अब तक उसे चुप कराते रहे हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे हैं। बताया जाता है कि उदय प्रताप सिंह ने व्यक्तिगत स्तर पर महिला के आरोपों की तस्दीक कराई थी। कृषि मंत्री के स्टाफ का लेन-देन का वीडियो हुआ था वायरल इससे पहले भी मंत्रियों के स्टाफ को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के OSD अशोक कुमार बाथम, निज सहायक दिनेश भकोरिया और स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया का तबादले के लिए पैसे के लेन-देन से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने तीनों कर्मचारियों को हटाकर निलंबित कर दिया था। शराब दुकानों के ठेके में सामने आया था रायचुरा का नाम उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के OSD दीपम रायचुरा की भूमिका वर्ष 2024-25 में भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र की दो शराब दुकानों के ठेके को लेकर सामने आई थी। मामले के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था और विभागीय जांच भी शुरू की गई थी।
