छतरपुर की अमलतास कॉलोनी में पत्नी ज्योति चौरसिया की हत्या के आरोपी पति लखन जोशी ने पुलिस पूछताछ में कहा कि उसका हत्या का इरादा नहीं था। वह सिर्फ पत्नी की नाक काटना चाहता था। वह ज्योति की आदतों से नाराज था और बच्चों को अपने पास रखना चाहता था। आरोपी के मुताबिक, ज्योति दूसरों से बात करती थी और उसे गंदी-गंदी बातें सुनाती थी। वह बच्चों को उसके हवाले नहीं कर रही थी। गुस्साए पति अपने दोस्त सोनू कुशवाहा के साथ पहुंचा और ज्योति पर चाकू से हमला किया। CCTV में करीब 2 मिनट तक हुई मारपीट की पूरी वारदात कैद हुई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के नानोरा गांव से गिरफ्तार किया। शनिवार को कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया। जांच में यह भी सामने आया कि लखन अपनी सास से मारपीट के मामले में जेल में था। वारदात से करीब दो दिन पहले ही बाहर आया था। बाजार से लौटते समय हुआ हमला 2 अक्टूबर 2026 को ज्योति बाजार से सामान लेकर घर जा रही थी। घर से कुछ दूरी पर बाइक से आए दो युवकों ने उसे घेर लिया। पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। CCTV फुटेज में ज्योति हमलावरों से संघर्ष करती दिखाई देती है। वह बचने की कोशिश करती रही और मदद के लिए आवाज भी लगाई। हमलावर ने उसके सिर और गर्दन पर करीब 15-20 वार किए। उसे जमीन पर पटककर घसीटा और 5-7 बार लातें भी मारीं। हमले के दौरान आसपास से वाहन गुजरते और कुछ देर के लिए रुकते भी दिखाई देते हैं। इसके बावजूद हमलावर को रोकने के लिए कोई आगे नहीं आया। गंभीर चोटों के चलते ज्योति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घर में सो रहे मिले 4 और 6 साल के बच्चे पुलिस जब मौके पर पहुंची तो ज्योति के किराए के मकान का दरवाजा बाहर से बंद मिला। ताला खुलवाकर पुलिस अंदर पहुंची तो 4 और 6 साल के दो बच्चे सो रहे थे। ज्योति शुक्रवार सुबह दोनों बच्चों को घर में छोड़कर बाहर गई थी। निकलते समय उसने मकान के बाहर ताला लगा दिया था। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब एक महीने पहले किराए के मकान में आई थी ज्योति मूल रूप से महाराजपुर की रहने वाली थी। करीब एक महीने पहले वह अमलतास कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आई थी। पास के निजी होटल में काम करके बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। परिजनों के मुताबिक, ज्योति ने करीब 6 साल पहले महाराजपुर के खटीक मोहल्ला निवासी लखन जोशी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और ज्योति अलग रहने लगी। ज्योति के पिता हुकुम सिंह चौरसिया के पास करीब 40 से 50 एकड़ कृषि भूमि है। परिजनों ने पति-पत्नी के बीच जमीन को लेकर विवाद होने की बात भी बताई थी। ज्योति पहले पति के खिलाफ शिकायत भी कर चुकी थी। सास से मारपीट के मामले में जेल गया था पुलिस जांच में पता चला कि लखन का अपनी सास के साथ विवाद हुआ था। सास से मारपीट के मामले में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। उसे जेल भेजा गया था। वह वारदात से करीब दो दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। इसके बाद उसने ज्योति पर हमला किया और वारदात के बाद दोस्त के साथ उत्तर प्रदेश भाग गया। CCTV और वैज्ञानिक साक्ष्यों से जांच आगे बढ़ी घटना के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई और घटनास्थल को सुरक्षित कर FSL टीम को बुलाया गया। FSL ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने लखन और सोनू की तलाश शुरू की और दोनों को महोबा के नानोरा गांव से पकड़ लिया। दोनों आरोपी जेल भेजे गए पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की। शनिवार को लखन जोशी और सोनू कुशवाहा को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। शनिवार को ज्योति का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। शाम को महाराजपुर में उसका अंतिम संस्कार किया गया। …………………………… यह खबर भी पढ़ें पत्नी की छाती पर चढ़कर गला रेता, तड़पाया मध्य प्रदेश के छतरपुर में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पति ने दोस्त के साथ अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। छाती पर चढ़कर सिर और गर्दन पर करीब 15-20 वार किए। 5-7 बार लातें मारीं और जमीन पर पटककर घसीटा। गला रेतने की पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई। घटना अमलतास कॉलोनी की है। पढ़ें पूरी खबर…
