Homeमध्यप्रदेशन टोल बूथ, न बैरियर, न जाम:मुरैना के करुआ में बनेगा मल्टी-लेन...

न टोल बूथ, न बैरियर, न जाम:मुरैना के करुआ में बनेगा मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल

यह ग्वालियर-चंबल का पहला मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल होगा, वर्तमान का छौंदा टोल प्लाजा होगा खत्म, इसकी इमारत बनेगी कंट्रोल रूम नेशनल हाईवे 44 पर मुरैना में छौंदा स्थित टोल प्लाजा खत्म हो जाएगा। इसकी जगह करुआ (छौंदा से ग्वालियर की ओर करीब 2.5 किमी पहले) क्षेत्र में नया मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोल नाका बनाया जा रहा है। यह ग्वालियर-चंबल अंचल का पहला फ्री फ्लो टोल प्लाजा होगा। इसके बनने से टोल प्लाजा पर आपको गाड़ी रोकने या रफ्तार कम करने की जरूरत नहीं होगी। यहां टोल बूम बैरियर और विंडो पर बैठे कर्मचारी भी नजर नहीं आएंगे। हाईवे पर अब वाहनों की कतारें नहीं लगेंगी, न टोल प्लाजा के कारण जाम होगा। अगले एक साल में निर्माण कार्य पूरा कर नया टोल प्लाजा शुरू कर दिया जाएगा। निगरानी… आगरा से ग्वालियर तक 125 कैमरों से ऑनस्क्रीन रहेगा हाईवे
आगरा से ग्वालियर तक 90 किमी हाईवे पर हर किमी और चौराहों-मोड़ों पर कैमरे लगाने की योजना है। कुल करीब 125 कैमरे प्रस्तावित हैं।
छौंदा टोल की मौजूदा प्रशासनिक इमारत को हाईवे के कंट्रोल रूम में बदला जाएगा। टोल करुआ पर शिफ्ट होने के बाद पुराने बूथ हटाए जाएंगे और प्रशासनिक इमारत में हाईवे का कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। कंट्रोल रूम से कर्मचारी हाईवे की लाइव निगरानी करेंगे।
बूथ और टोल कर्मचारी नहीं होंगे, लेकिन ओवरलोड वाहनों की जांच के लिए कंपनी के गार्ड तैनात रहेंगे। मालवाहक वाहनों के वजन के लिए कांटे भी लगेंगे। NH-44 पर यहां बनेगा टोल… ओवरहेड गैन्ट्री
यह आधुनिक बैरियर-रहित टोल संग्रह प्रणाली है। इसमें न तो पारंपरिक बूथ होते हैं न बूम बैरियर। वाहन बिना रुके या गति धीमी किए बिना किसी भी लेन से सीधे गुजर सकते हैं। बिना रुके कटेगा टोल, फास्टैग नहीं तो घर पहुंचेगा नोटिस
नेशनल हाईवे-44 को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट से जोड़ा गया है। इसके तहत इस हाईवे का उन्नयन भी किया जा रहा है। फिलहाल सड़क पर डामरीकरण चल रहा है। यह पूरा होते ही जीआर इंफ्राटेक कंपनी करुआ में बैरियर रहित टोल का सेटअप लगाएगी। इसके लिए न तो अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता होगी, न लेन आदि बनानी होगी। क्योंकि यह टोल पूरी तरह से ओवरहेड पिलर पर कैमरे और सेंसर लगाकर तैयार किया जाएगा। वाहनों के गुजरते ही फास्टैग से पैसे कट जाएंगे। बिना फास्टैग वाले, ब्लैकलिस्टेड फास्टैग वाले वाहनों के नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक के पास जुर्माने का ई-नोटिस पहुंचेगा। जानिए… क्या है मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल सिस्टम और कैसे काम करता है
सड़क के ऊपर गैन्ट्री पर कैमरे, सेंसर और हाई-स्पीड RFID रीडर लगे होते हैं। जो सेकंड में काम करते हैं।
गैन्ट्री पर लगे हाई-स्पीड आरएफआईडी रीडर वाहन के शीशे पर लगे फास्टैग को स्कैन करते हैं। इसके बाद टोल शुल्क अपने आप कट जाता है।
ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे नंबर प्लेट से गाड़ी पहचानते हैं। फास्टैग न होने, खराब होने या पर्याप्त बैलेंस न होने पर वाहन मालिक को ई-नोटिस देगा।
लेजर या रडार सेंसर वाहन के आकार और एक्सल की गिनती करके तय करते हैं कि वह कार है, बस है या भारी ट्रक, और उसी के अनुसार टोल राशि की गणना होती है। अब मुरैना के रहवासियों को बनवाना होगा पास
वर्तमान टोल नाका छौंदा पर है, जो नगर निगम क्षेत्र में आता है। विरोध के चलते मुरैना पास गाड़ियों से कंपनी टोल नहीं लेती। कई बार फास्टैग लगा होने पर टैक्स कट जाता है।
नए बैरियर रहित टोल से गुजरने के लिए मुरैना के वाहन मालिकों को सालाना पास का रिचार्ज कराना होगा। ऐसा न होने पर टोल के पूरे पैसे कटेंगे या जुर्माने के नोटिस पहुंचेंगे।
अभी लोगों की शिकायत रहती है कि छौंदा टोल निगम सीमा में है। यहां लोगों के अलावा आरटीओ कार्यालय, सिविल लाइन थाने जाने वाले वाहनों का भी टोल कट जाता है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here