बेमेतरा जिले के साजा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू का लड़कियों के साथ मंच पर डांस करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। ईश्वर साहू भूमिपूजन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद सांस्कृतिक प्रोग्राम का आयोजन किया गया था। इस दौरान ईश्वर साहू मंच पर डांस कर रही युवतियों के साथ छत्तीसगढ़ी गाने पर नाचते दिखे। गाने के बोल हैं- ‘नोनी तोर कपड़ा हर सब टूरा मन के लफड़ा है।’ मामला नगर पंचायत मारो का है। कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट करते हुए सवाल उठाए। उन्होंने लिखा लगातार बढ़ती महंगाई, गरीबों को चना-गुड़ न मिलना, युवाओं की बेरोजगारी, महंगी बिजली, पटवारियों की हड़ताल जैसी समस्याओं से जनता परेशान है। लेकिन विधायक जी को इन जनसमस्याओं से कोई मतलब नहीं, उन्हें तो बस चिलम और तंबाकू के डिब्बे से ही मतलब है। हालांकि, इस मामले में विधायक की ओर से और न ही भाजपा संगठन की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। देखिए ये तस्वीरें… भूमिपूजन के बाद हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम नगर पंचायत मारो के वार्ड नंबर- 03 में डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया था। इसमें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू शामिल हुए थे। आधिकारिक कार्यक्रम पूरा होने के बाद सांस्कृतिक आयोजन शुरू हुआ। इसी दौरान मंच पर युवतियां डांस कर रही थीं। एक युवती विधायक ईश्वर साहू को हाथ पकड़कर मंच पर ले आई। कुछ देर खड़े रहने के बाद विधायक युवतियों के साथ डांस करने लगे। वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर आ रही अलग-अलग प्रतिक्रियाएं विधायक के डांस का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोग इसे सांस्कृतिक कार्यक्रम में उनकी सहज भागीदारी बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोग सार्वजनिक मंच पर जनप्रतिनिधि के इस अंदाज पर सवाल उठा रहे हैं। पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रहे ईश्वर साहू इससे पहले भी पोस्टर विवाद, स्वेच्छानुदान और कंप्यूटर घोटाले से जुड़े आरोपों और चर्चाओं के कारण सुर्खियों में रहे हैं। अब मारो के सांस्कृतिक कार्यक्रम में डांस का वीडियो वायरल होने के बाद वे एक बार फिर चर्चा में हैं। कंप्यूटर खरीदी में गड़बड़ी के आरोप (जुलाई 2026) ईश्वर साहू पर साजा विधानसभा क्षेत्र के 40 सरकारी स्कूलों में विधायक निधि से कंप्यूटर खरीदी में गड़बड़ी के आरोप लगे थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि करीब 60 हजार रुपए के कंप्यूटर सेट 1 से 2.5 लाख रुपए तक में खरीदे गए। शिकायत के बाद कलेक्टर ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर सात दिन में रिपोर्ट मांगी थी। विधायक निधि PSO के रिश्तेदारों को देने का आरोप (अगस्त 2025 ) कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया था कि विधायक ईश्वर साहू ने अपनी स्वेच्छानुदान निधि का बड़ा हिस्सा अपने PSO के रिश्तेदारों को दिया। कांग्रेस ने लाभार्थियों की सूची भी जारी की थी। हालांकि ईश्वर साहू ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि जरूरतमंदों को निधि से राशि दी गई है। विधायक के बेटे पर आदिवासी युवक से मारपीट का आरोप (अक्टूबर 2024) विधायक के बेटे कृष्णा साहू पर चेचानमेटा गांव में 18 वर्षीय आदिवासी युवक मनीष मंडावी से मारपीट का आरोप लगा था। दशहरा उत्सव के दौरान 13 अक्टूबर 2025 को घटना हुई थी। पुलिस ने कृष्णा साहू और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आदिवासी समाज ने पुलिस पर मामले को दबाने और समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया था। …………………….. ईश्वर साहू से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस…MLA ईश्वर साहू ने किया कार्यक्रम का बहिष्कार: पोस्टर में फोटो नहीं होने से हुए नाराज, अधिकारियों ने मनाने की कोशिश की अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेमेतरा के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यक्रम उस समय चर्चा में आ गया, जब साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम से नाराज होकर बाहर निकल गए। पढ़ें पूरी खबर…
