नीलगंगा कलाली चौराहा से मंछामन चौराहा के बीच चौड़ीकरण में हो रहे पक्षपात के मामले में सोमवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। संभाग आयुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशनकुमार सिंह सुबह से ही मौके पर पहुंचे और सड़क के दोनों तरफ समान रूप से चौड़ीकरण के निर्देश दिए। इस पर 2 पोकलेन, 3 जेसीबी लिए दो थानों के बल के साथ नगर निगम की टीम पहुंची और भाजपा नेता की जमीन पर खुदाई करते हुए चौड़ीकरण शुरू करवा दिया। इस कार्रवाई को लेकर विरोध भी हुआ, लेकिन अफसरों ने काम नहीं रोका। शाम तक भाजपा के जिला महामंत्री सुभाष डोडिया सहित अन्य की जमीन पर करीब 200 मीटर से ज्यादा हिस्से की खुदाई कर दी। बीच में आ रहे पेड़ आदि भी हटाए। इधर, अचानक कार्रवाई को देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। माधवनगर व नीलगंगा थाना सहित वज्र वाहन व डायल 112 की दो गाड़ियां तैनात रही। अब सेंटर से दोनों तरफ 11-11 मीटर का समान चौड़ीकरण होने से सड़क की चौड़ाई दिखाई देने लगी है। विधायक कालूहेड़ा पर लगे थे आरोप: जिस जमीन पर कार्रवाई हुई, वह भाजपा के डोडिया व परिवार की है। इसे बचाने विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा का नाम भी सामने आया था। रहवासियों ने विधायक के दबाव में काम नहीं होने के आरोप लगाए थे। भास्कर के मुद्दा उठाने के दूसरे दिन चौड़ी कर रहे रोड
एक तरफ के 26 मकानों को तोड़ने के बाद दूसरी तरफ चौड़ीकरण नहीं होने के मामले को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से उठाया। 22 नवंबर को खबर प्रकाशित प्रकाशित की। इसमें स्पष्ट रूप से चौड़ीकरण में पक्षपात दिखाई दिया। यही वजह है कि सोमवार को सुबह 8.30 बजे ही संभागायुक्त व कलेक्टर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल दूसरी तरफ भी समान चौड़ीकरण के निर्देश दिए। इस पर भाजपा नेता की जमीन पर खुदाई कर दी। अब रहवासियों के मकान टूटने का खतरा भी टला भाजपा नेता की जमीन बचाने के लिए सेंटर से एक साइड में सड़क चौड़ीकरण नहीं होने के बाद क्षेत्र के रहवासियों को अब आधे बचे मकान भी फिर से टूटने का डर सताने लगा, क्योंकि ननि ने संबंधितों को नोटिस दे दिए। इसे लेकर क्षेत्र के रहवासी 4-5 दिन से परेशान हो रहे थे। सोमवार की कार्रवाई से मकान दोबारा तोड़ने का खतरा टल गया है। एक तरफ निगम ने 6 माह पहले ही शुरू कर दिया था काम : इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए जनवरी से ही काम शुरू कर एक तरफ बने 26 मकानों को 12-16 फीट तक तोड़कर सड़क को सेंटर से 11 मीटर चौड़ा करते हुए पक्का नाला भी बना दिया था।
