वर्तमान समय में ओटीटी प्लेटफॉर्म के बढ़ते चलन और मेगा बजट फिल्मों के आने के बावजूद आने वाला समय रंगमंच का ही होगा। भविष्य में रंगमंच फिल्म और टेलीविजन से भी ज्यादा चर्चित और जीवंत बनेगा। क्योंकि लोग प्रत्यक्ष रूप से नाटकों को देखने की ओर अग्रसर होंगे।
यह कहना है जाने-माने अभिनेता विंदु दारासिंह का। विंदु अपनी 50 सदस्यीय कलाकारों की टीम के साथ सोमवार को 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह में महाकाल- द प्ले नाट्य की प्रस्तुति देने उज्जैन आए थे। भास्कर से विशेष चर्चा में विंदु ने महाकाल- द प्ले के बारे में बताया कि वे तीन बार भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन के लिए उज्जैन आए। तीनों बार भस्मआरती देख उनके भीतर शिव (महाकाल) पर आधारित एक बड़ा नाटक तैयार करने की प्रेरणा मिली। इसके बाद उनके मित्र व लेखक अभिसार गीता शुक्ला ने महाकाल- द प्ले की पटकथा लिखना शुरू किया। धीरे-धीरे इस नाटक से अमित पचौरी, शिल्पा रायजादा, पंकज बेरी, कुमार हेगड़े सहित फिल्म एवं टेलीविजन के कलाकार भी जुड़ गए। इस तरह 6 महीने की प्रैक्टिस के बाद महाकाल- द प्ले तैयार हुआ। इसमें शिव के विविध रूपों को प्रस्तुत किया है। यहां प्रस्तुति देने का मिला अवसर : विंदु ने बताया हमारा प्रयास था कि महाकाल- द प्ले की पहली प्रस्तुति उज्जैन में हो। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। हमारी किस्मत बहुत अच्छी है कि दिल्ली और बैंगलुरु के बाद महाकाल- द प्ले की प्रस्तुति हमें उज्जैन में करने का अवसर मिला। पिता ने कहा था कि हमेशा जमीन से जुड़े रहना टेलीविजन पर प्रसारित रामायण में हनुमान का किरदार कर घर-घर में लोकप्रिय हुए विंदु के पिता एवं अभिनेता दारासिंह से मिली सीख के प्रश्न पर विंदु ने बताया कि पिताजी कहते थे कि चाहे कितने भी बड़े व्यक्ति बन जाओ, लेकिन हमेशा जमीन से जुड़े रहना। अगर हनुमानजी का किरदार मिले तो उनके आदर्शों को रूल्स (नियमों) की तरह सख्ती से पालन करना। पिताजी की यह जीवनभर मेरे साथ रहेगी। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म रामायण में सन्नी देओल के हनुमान के किरदार को लेकर विंदु ने कहा फिल्म के सभी कलाकारों ने अच्छी एक्टिंग कर सभी किरदारों को बखूबी निभाया है।
