मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। धीरेंद्र शास्त्री पर योग गुरु रामदेव के सुर बदले
हाल ही में योग गुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को भगवान हनुमान का अंश बताया था। लेकिन अब उनके सुर बदले हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने बिना नाम लिए पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए उन्हें पाखंडी तक कह दिया। रामदेव झारखंड के जमशेदपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- कुछ लोग न वेद पढ़े हैं, न दर्शन-उपनिषद पढ़े हैं, न पुराण पढ़े हैं, न रामायण, न महाभारत। न संविधान को जानते हैं, न लोकतंत्र को। खड़े होकर कुछ का कुछ बकवास करते रहते हैं। कहते हैं कि हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। ऐसे लोग गलत विचारों के साथ भीड़ को भड़काते हैं। रामदेव ने ऐसे कथाकारों को ढोंगी और पाखंडी बताया। रामदेव ने कहा कि कुछ कथाकार धर्म और भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराते हैं। उन्होंने आगे कहा- जो देवी-देवताओं की तुलना करे। राम महान हैं, कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े… और फिर माफी मांग ली। माफी मांगकर फिर वहां जाकर बांके बिहारी को मत्था टेक दिया। उसके बाद भी क्या बोल रहा है कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं। अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी। रामदेव ने कहा कि देवी-देवताओं के बीच तुलना नहीं करनी चाहिए। हंसी-मजाक और ठिठोली में भी अपनी अवतारी सत्ताओं का अनादर या अपमान नहीं करना चाहिए। बाबा रामदेव ने आगे कहा- व्यक्तिगत रूप से भी कोई ऐसा बोलता है तो उसको समझाते हैं। फिर न समझे तो हमको मंच पर बोलना पड़ता है। क्योंकि कल कोई यह न कहे कि स्वामी रामदेव के होते हुए कोई व्यक्ति पाखंड कर रहा था, उसे स्वामी रामदेव ने नहीं टोका। इसलिए आज हमने यहां मंच से ठोका है। वर्दी पहने पुलिसकर्मी ने छुए पूर्व गृहमंत्री के पैर
मुरैना में एक पुलिसकर्मी का वीडियो चर्चा में है। दरअसल, वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के पैर छूता नजर आया। जिसे लेकर वर्दी की मर्यादा और पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे। वैसे बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लेना हमारे संस्कार हैं, लेकिन जब कोई व्यक्ति वर्दी में हो तो उसके आचरण से विभाग की गरिमा भी जुड़ी होती है। ऐसे में पुलिसकर्मी का किसी राजनेता के पैर छूना कई सवाल खड़े करता है। इस वीडियो के बीच एक रील भी चर्चा में आ गई। जिसमें भोपाल एसीपी संतोष पटेल एक युवक से पूछते हैं कि उसे क्या बनना है। युवक कहता है कि उसे नेता बनना है, पुलिसवाला नहीं। वजह पूछने पर वह कहता है कि नेता बन जाऊंगा तो पुलिस अपने आप मेरे इर्द-गिर्द घूमेगी। अब ये जवाब क्या संदेश दे रहा है। यही कि लोगों की पुलिस को लेकर क्या सोच हैं। युवक का जवाब पुलिस और नेताओं के रिश्तों पर भी गंभीर सवाल है। खरी बात ये है कि वर्दी सिर्फ नौकरी की पहचान नहीं, बल्कि सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसलिए वर्दी पहनने वालों से उसके सम्मान, मर्यादा और निष्पक्षता की उम्मीद भी ज्यादा होती है। शिवराज सिंह चौहान ने लोगों को लगाया गले
राजनीति भी एक रंगमंच है, जहां नेता किसी अभिनेता की तरह अपनी भूमिका निभाते हैं। जनता के जेहन में बने रहने के लिए अलग-अलग किरदारों में नजर आते हैं। मध्य प्रदेश में नेताओं की कुछ ऐसी ही तस्वीरें सामने आई हैं। हाल ही में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने गृह जिले के दौरे पर थे। यहां एक शख्स उन्हें मामा-मामा कहते हुए दंडवत हो गया। यह देखकर शिवराज सिंह ने उससे कहा, ‘गले लगो।’ इसके बाद उन्होंने उसे गले लगा लिया। ऐसा ही एक नजारा रेहटी में भी देखने को मिला। यहां शिवराज सिंह अपने एक पुराने साथी की चाय की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने अपने साथी को गले लगाया और फिर खुद चाय बनाकर उसे पिलाई भी। दिग्विजय सिंह ने गाया भजन, लोगों के साथ झूमे
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी अपनी सत्य, सनातन, स्वाभिमान यात्रा के दौरान अलग ही रंग में नजर आ रहे हैं। उन्होंने माइक थामकर ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम’ भजन गाया। भजन की धुन पर वे खुद भी झूमे और यात्रा में शामिल लोग भी थिरकने लगे। इधर, शिवपुरी जिले के पोहरी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह एक होटल पर पहुंचे। यहां उन्होंने आम लोगों के साथ खड़े होकर गुजिया के साथ मुंगौड़ी का भी आनंद लिया। और अब अंदर की बात.. डीजीपी कौन? मंत्री ने दावेदार को दे दी बधाई
अभी यह तय नहीं हुआ है कि मध्य प्रदेश पुलिस के नए मुखिया कौन होंगे। मौजूदा डीजीपी को एक्सटेंशन मिलेगा या नहीं? इससे पहले ही एक मंत्री ने इस पद के दावेदार अफसर को डीजीपी बता दिया। हुआ यूं कि ये अधिकारी किसी सिलसिले में मंत्री से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद मंत्री ने सोशल मीडिया पर उन्हें कार्यकारी डीजीपी संबोधित करते हुए बधाई दे दी। हालांकि, यह बधाई ‘डीजीपी’ के लिए नहीं, बल्कि उस कार्यक्रम के लिए थी, जिसके लिए अधिकारी उन्हें न्योता देने पहुंचे थे। लेकिन बधाई संदेश के साथ मंत्री का अधिकारी को कार्यकारी डीजीपी लिखना चर्चा का विषय बन गया। मामला चर्चा में आया तो मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि उनके सोशल मीडिया स्टाफ ने जल्दबाजी में पोस्ट कर दी थी। दूसरी तरफ, मौजूदा डीजीपी को एक्सटेंशन मिलने की भी चर्चा है। इसी बीच उनके स्टाफ के एक कर्मचारी ने अतिउत्साह में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया कि साहब को एक्सटेंशन मिल गया है। इस पोस्ट को लोगों ने एक्सटेंशन की पुष्टि मान लिया। हालांकि, कुछ देर बाद ही पोस्ट हटा ली गई। इनपुट सहयोग – दुष्यंत सिकरवार (मुरैना) ये भी पढ़ें –
कांग्रेस विधायक ने एसडीएम की उतारी आरती: पतियों ने घेरा मंच, पार्षद ने खोली पोल सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने एसडीएम की आरती उतारकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। दरअसल, प्रशासन की टीम एक इलाके में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई से प्रभावित लोगों के पक्ष में विधायक भी मैदान में उतर आए। इस दौरान उनकी एसडीएम से बहस हो गई। पूरी खबर पढ़ें
